गाजियाबाद में पुलिस और गोकशी गिरोह के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल सहित चार गिरफ्तार, एक फरार



● गिरफ्तार आरोपियों ने 3 अप्रैल को गोकशी की घटना को स्वीकार किया
● बरामद किए गए गोकशी के उपकरण और घटना में प्रयुक्त वाहन

गाज़ियाबाद – शुक्रवार रात पुलिस और गोकशी के एक गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए और दो को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इस दौरान गिरोह के सदस्यों के कब्जे से गोकशी से जुड़े उपकरण और खतरनाक हथियार भी बरामद किए हैं। इस ऑपरेशन में एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। यह मुठभेड़ एमपी सिखैड़ा-सारा रोड स्थित थाना निवाड़ी क्षेत्र में हुई। पुलिस की टीम ने गश्त के दौरान होंडा सिटी कार में सवार पांच संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम को घेरता देख बदमाशों ने जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए और दो को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के नाम अरुण, शादाब, जमील और शावेज बताए हैं। ये सभी बदमाश मेरठ के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने 3 अप्रैल 2025 को थाना निवाड़ी क्षेत्र के सारा/गोविंदपुरी मार्ग स्थित आम के बाग में गोकशी की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो तमंचे, तीन छुरी, एक गंडासा, दो रस्से, तीन प्लास्टिक के कट्टे और होंडा सिटी कार बरामद की है। पुलिस ने बताया कि ये सब सामान गोकशी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। इस मुठभेड़ में पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस गोकशी जैसे जघन्य अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है। फरार बदमाश की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास के इलाकों में छापेमारी तेज कर दी है।

Please follow and like us: