अनुराग कश्यप के बयान पर ब्राह्मण समाज में आक्रोश,सख्त कार्रवाई की मांग



गाजियाबाद — फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप के ब्राह्मण समुदाय को लेकर दिए गए विवादित बयान पर विरोध रूकने का नाम नही ले रहा है। जिसको लेकर राजनगर,दुर्गा टावर आरडीसी स्थित विश्व ब्रह्मऋषि ब्राह्मण महासभा के तत्वाधान में आयोजित एक आपात बैठक में समाज के सैकड़ों सदस्यों ने भाग लिया और बयान की कड़ी निंदा की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए महासभा के पीठाधीश्वर ब्रह्मऋषि विभूति बीके शर्मा हनुमान ने कहा,अनुराग कश्यप का यह बयान न केवल ब्राह्मण समाज का अपमान है, बल्कि यह उनके व्यक्तित्व और संस्कारों को भी दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की सोच समाज में नफरत और विभाजन को बढ़ावा देती है। बीके शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने हमेशा ज्ञान, शिक्षा और समर्पण के माध्यम से समाज को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने ऐतिहासिक उदाहरणों का हवाला देते हुए कहा कि ब्राह्मणों ने हमेशा सभी जातियों और वर्गों को समान दृष्टि से देखा और उनका मार्गदर्शन किया। बैठक में वक्ताओं ने अनुराग कश्यप की फिल्मों पर भी सवाल उठाए और कहा कि उनकी सोच नकारात्मक है, जो उनकी कृतियों में झलकती है। शर्मा ने यह भी जोड़ते हुए कहा अनुराग कश्यप जैसे लोग आते-जाते रहेंगे। लेकिन ब्राह्मणों की गौरवशाली परंपरा अटल रहेगी। बैठक में महेश शर्मा, रविंद्र शर्मा, देवेंद्र शर्मा, कुमार देवाशीष ओझा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। महासभा ने प्रशासन से अनुराग कश्यप के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।