
● महापौर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा और सीडीओ अभिनव गोपाल ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ,
● शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए विद्यालयों के कायाकल्प पर दिया गया जोर,
● 700 बच्चों और शिक्षकों की भागीदारी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन,
● स्कूल चलो अभियान’ की रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना।
गाजियाबाद। स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय कार्यक्रम एवं विशाल रैली का आयोजन कंपोजिट विद्यालय करेहड़ा, मोहन नगर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, महापौर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। महापौर सुनीता दयाल ने शिक्षकों, अधिकारियों और बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी विद्यालय अब आवश्यक संसाधनों से परिपूर्ण हैं, जहां बच्चों को निःशुल्क ड्रेस, किताबें, जूते-मोजे, मिड-डे मील और प्रशिक्षित शिक्षकों के मार्गदर्शन में शिक्षा प्राप्त हो रही है। हर बच्चे को शिक्षा दिलाने का संकल्प विधायक संजीव शर्मा ने सभी बच्चों को नए शैक्षिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि कोई बच्चा शिक्षा से वंचित रहता है, तो समाज का विकास अधूरा रहेगा। उन्होंने स्कूल चलो अभियान के प्रचार-प्रसार को संयुक्त जिम्मेदारी बताते हुए इसे सफल बनाने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने कहा कि विद्यालयों के कायाकल्प, स्मार्ट क्लास, स्वच्छता, मिड-डे मील, खेल, स्काउट और आत्मरक्षा प्रशिक्षण जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा विभाग लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने महापौर से नगर क्षेत्र के कुछ विद्यालयों के कायाकल्प के लिए अनुरोध किया, जिसे महापौर ने स्वीकृति दी। 700 बच्चों की भागीदारी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चलाए जा रहे स्कूल चलो अभियान के सजीव प्रसारण को भी देखा गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया, जिसमें प्राथमिक विद्यालय कविनगर, कंपोजिट विद्यालय गढ़ी कटैया, कंपोजिट विद्यालय खोड़ा कॉलोनी और कंपोजिट विद्यालय करहेड़ा के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि ने नए सत्र की पुस्तकों का वितरण किया और राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया। साथ ही, शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव को भी सम्मानित किया गया। स्कूल चलो अभियान की विशाल रैली रवाना कार्यक्रम के अंत में महापौर सुनीता दयाल और मुख्य विकास अधिकारी ने स्कूल चलो अभियान की विशाल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में तख्ती लिए हुए और नारे लगाते हुए बच्चों और शिक्षकों ने शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।कार्यक्रम का संचालन एसआरजी पूनम शर्मा ने किया। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद, शिक्षक संघ के पदाधिकारी, स्काउट गाइड प्रतिनिधि और लगभग 700 बच्चे उपस्थित रहे।