गाजियाबाद के 700 स्कूली छात्रों ने किया सैनिक प्रशिक्षण का प्रदर्शन



● हरिद्वार में राष्ट्रीय सैनिक संस्था और अखंड हिंद फौज के संयुक्त कार्यक्रम में दिखाया जमीनी कौशल



गाजियाबाद/हरिद्वार। दयानंद खेल स्टेडियम, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सैनिक संस्था और अखंड हिंद फौज के संयुक्त प्रयासों से 700 स्कूली छात्रों ने सैनिक प्रशिक्षण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्कूलों से आए इन छात्रों को प्रारंभिक सैन्य प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे वे एक अच्छे नागरिक बनने के साथ-साथ आपात स्थिति में देश की सेवा करने के लिए भी तैयार हो सकें। राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष, वीर चक्र विजेता कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने कहा कि अब तक 15,000 से अधिक बच्चों को यह प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये प्रशिक्षित छात्र कभी भी सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उत्तराखंड के राज्यपाल, लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने इस कार्यक्रम में भाग लिया और प्रशिक्षित छात्रों की परेड को सलामी दी। उन्होंने कहा कि इन बच्चों की शानदार ड्रिल और साहसिक करतब देखकर उन्हें आज़ाद हिंद फौज की याद आ गई। उन्होंने राष्ट्रीय सैनिक संस्था और अखंड हिंद फौज के सदस्यों की अनुशासन और कर्तव्यपरायणता की सराहना की।कार्यक्रम में प्रो. डॉ. पवन सिन्हा ने छात्रों को व्यक्तिगत और राष्ट्रीय चरित्र का महत्व समझाया। वहीं, अखंड हिंद फौज के संरक्षक कमोडोर विजय बबेले और अध्यक्ष ओमप्रकाश अवस्थी ने स्कूलों में अनिवार्य सैन्य प्रशिक्षण लागू करने के लिए सरकार से विशेष अभियान चलाने की मांग की। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें राष्ट्रीय सैनिक संस्था की आर्थिक काउंसिल के चेयरमैन राजन छिब्बर, राष्ट्रीय प्रशासनिक काउंसिल के वरिष्ठ सदस्य मेजर जनरल एम. एल. असवाल, शिक्षा विंग के संयोजक मेजर जनरल ओ. पी. सोनी शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने परेड, सेल्यूटिंग, पिरामिड फॉर्मेशन, आग के गोले से निकलने और गार्ड ऑफ ऑनर जैसे हैरतअंगेज प्रदर्शन किए। कार्यक्रम का संयोजन राष्ट्रीय सैनिक संस्था के रुड़की मंडल अध्यक्ष राहुल पुरी ने किया, जबकि परेड संचालन कैडेट धीरज पटेल ने किया।

Please follow and like us:
Pin Share