नोएडा मीडिया क्लब के चुनाव सम्पन्न, आलोक द्विवेदी बने नए अध्यक्ष

नोएडा: नोएडा मीडिया क्लब के बहुप्रतीक्षित चुनाव गुरुवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गए। क्लब के नए अध्यक्ष के रूप में वरिष्ठ पत्रकार आलोक द्विवेदी का चयन किया गया है। यह चुनाव पूर्ण पारदर्शिता के साथ जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की निगरानी में आयोजित किया गया। चुनाव प्रक्रिया का संचालन चुनाव अधिकारी श्री अभय सिंह और क्लब के संस्थापक सदस्य एवं संचालन समिति के अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार श्री संजीव यादव के नेतृत्व में किया गया।

नोएडा के सेक्टर-29 स्थित गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में स्थित मीडिया क्लब कार्यालय में हुई इस प्रक्रिया में सभी पदाधिकारियों की घोषणा की गई। अध्यक्ष पद के अलावा महासचिव, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सचिव और कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव भी सम्पन्न हुए। महासचिव पद पर जय प्रकाश सिंह (जेपी सिंह) ने जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर अमित चौधरी को चुना गया।

कोषाध्यक्ष के पद पर मनोज वत्स ने निर्विरोध जीत हासिल की। वहीं, सचिव पद पर जगदीश शर्मा को चुना गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में प्रमोद शर्मा और आंचल यादव निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव अधिकारी अभय सिंह ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके दायित्वों की शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वे क्लब के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।

चुनाव प्रक्रिया में कुल 15 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें से आठ ने बाद में अपने नाम वापस ले लिए। अध्यक्ष पद के लिए आलोक द्विवेदी, वीरेंद्र मलिक और कुणाल जायसवाल के बीच मुकाबला था, लेकिन द्विवेदी की वरिष्ठता और पत्रकारिता में लंबे अनुभव ने उन्हें सबसे आगे रखा।

महासचिव पद पर जेपी सिंह और देवेंद्र प्रभात ने नामांकन किया था, परंतु अंतिम रूप से जेपी सिंह निर्विरोध चुने गए। उपाध्यक्ष पद के लिए अमित चौधरी और हर्ष पांडे मैदान में थे, लेकिन हर्ष पांडे का नामांकन शुल्क जमा न करने के कारण उनका पर्चा निरस्त हो गया।

कोषाध्यक्ष पद के लिए मनोज वत्स के अलावा हिमांशु सिंह और शिव त्यागी ने पर्चा भरा था, मगर बाद में दोनों ने नाम वापस ले लिया। सचिव पद पर जगदीश शर्मा और गजेंद्र यादव के बीच मुकाबला था, लेकिन गजेंद्र यादव ने नाम वापस लेकर शर्मा के लिए रास्ता साफ कर दिया।

कार्यकारिणी सदस्य के लिए प्रमोद शर्मा, आंचल यादव और प्रिया राणा ने आवेदन किया था, जिनमें से प्रिया राणा ने नाम वापस ले लिया।

नोएडा मीडिया क्लब का यह चुनाव न केवल स्थानीय पत्रकारों की एकता और सहयोग का प्रतीक रहा, बल्कि क्लब को एक नई दिशा देने की उम्मीद भी जगा गया है। नवनिर्वाचित टीम से मीडिया जगत को सकारात्मक योगदान की अपेक्षा की जा रही है।

Please follow and like us:
Pin Share