
बरेली। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की बरेली शाखा ने महिला सशक्तिकरण प्रकल्प संतुलन भारत के अग्रणी महिला सशक्तिकरण अभियानों में से एक के तहत अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। लगभग 60,000 समर्पित महिला स्वयंसेवकों एवं 6,000 से अधिक प्रशिक्षित साध्वी काउंसलरों की टीम के साथ संतुलन भारत के साथ-साथ विदेशों में भी महिलाओं के सम्मान, लैंगिक समानता तथा समग्र सशक्तिकरण हेतु कार्यरत है। यह अभियान कॉर्पोरेट संगोष्ठियों, लाइव वेबिनार, संस्थागत कार्यशालाओं, ग्रामीण विकास कार्यक्रमों, जन-जागरूकता अभियानों, सहयोगी कार्यक्रमों एवं रोड-शो तथा रैलियों जैसे बड़े सार्वजनिक आयोजनों के माध्यम से महिलाओं के उत्थान हेतु कार्य कर रहा है। संतुलन द्वारा प्रतिवर्ष 1 से 31 मार्च तक महिला दिवस विशेष स्वाभिमान अभियान चलाया जाता है, जिसके अंतर्गत देश विदेशों में असंख्य कार्यक्रम आयोजित किये जाते है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य होता है महिलाओं के असाधारण प्रदर्शन को पहचान देना। स्वाभिमान अभियान का यह दसवां अध्याय है अर्थात इस वर्ष स्वाभिमान अभियान को दस वर्ष पूरे हो गए हैं। बरेली संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बताया गया कि निःसंदेह आज की नारी ने शैक्षिक, वित्तीय, सामाजिक, राजनीतिक एवं वैचारिक स्वतंत्रता को प्राप्त कर लिया है लेकिन ये ठीक वैसा ही है जैसे गहरे काले आकाश में कुछ तारे टिमटिमाते हैं। नारी सशक्तिकरण की सच्ची भोर लाने के लिए नारियों की अपने आध्यत्मिक अस्तित्व को भी खोजना होगा और आत्मिक जाग्रति के द्वारा उससे जुड़ना होगा। संस्थान के संस्थापक एवं संचालक दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी की उक्त विचारधारा को उनकी सन्यासी शिष्या साध्वी सुरजीता भारती जी ने इज्जतनगर रेलवे के ऑफिसर क्लब के सभागार में उपस्थित महिलाओं के मध्य प्रस्तुत किया। साथ ही, तपस्विनी सावित्री, गार्गी, मैत्रेयि, ऋषिका अनुसूया, अक्का महादेवी इत्यादि कई आत्म-जागृत नारियों के दृष्टांत भी सुनाये। इस महिला सम्मलेन के अन्य मुख्य आकर्षण रहे इंडियन रेसलर अंतिम पंघाल के जीवन पर आधारित मनोरम नाट्य एवं नृत्य मंचन, जिसे संतुलन की निस्वार्थ स्वयंसेविकाओं द्वारा प्रस्तुत किया गया व लिंग आधारित भेदभाव का खंडन करती रोचक गतिविधियां। कार्यक्रम में रेलवे डिपार्टमेंट से डीआरएम वीणा सिंह, एडीआरएम मनोज कुमार, सीनियर डीपीओ संदीप कुमार, सीनियर डीएसटीई प्रवेश कुमार, सीनियर डीओ विजय कुमार यादव, सीनियर डीएसओ हरीश रौतेला, योगाचार्य नित्या जी, ताइक्वांडो साक्षी बोरा, डॉक्टर विदुषी(गायनोलॉजिस्ट) आदि की विशेष उपस्थिति रही।