पीएम मोदी के मजबूत नेतृत्व और सेना के पराक्रम को समर्पित सोनीपत की ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा

भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली के नेतृत्व में निकली विशाल तिरंगा यात्रा, गूंजे भारत माता की जय के नारे**

**सेना के शौर्य ने भारत को विश्व मानचित्र पर दिलाई नई पहचान : डॉ. सतीश पूनिया**

**ऑपरेशन सिंदूर आत्मनिर्भर भारत की सुरक्षा नीति का उदाहरण : पंडित मोहन लाल बड़ौली**

चंडीगढ़। — *भरत गुप्ता,  पंचशील उदय* – ‘‘ऑपरेशन सिंदूर’’ की अभूतपूर्व सफलता और भारतीय सेना के पराक्रम के सम्मान में गुरुवार को सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का नेतृत्व भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया और प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने किया। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने ‘भारत माता की जय’, ‘जय हिंद’ और ‘मोदी है तो मुमकिन है’ के नारों से वातावरण को देशभक्ति से भर दिया। यह यात्रा सुभाष चौक से प्रारंभ होकर गीता भवन चौक होते हुए अंबेडकर पार्क तक पहुंची। इसमें मंत्री, विधायक, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन, पूर्व सैनिक व गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

तिरंगा यात्रा में डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि सेना की वीरता और प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक नेतृत्व ने ऑपरेशन सिंदूर को ऐतिहासिक बना दिया है। आतंक के ठिकानों पर सटीक कार्रवाई कर भारत ने यह संदेश दिया है कि अब वह केवल प्रतिक्रिया नहीं, निर्णायक कार्रवाई करता है। उन्होंने कहा कि ‘नया भारत’ अब आतंक के खिलाफ अपनी सीमाओं से बाहर भी कार्रवाई करने की क्षमता रखता है। यह प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि और सेना की निडरता का प्रमाण है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारतवासियों में देशभक्ति की भावना को नए शिखर पर पहुंचाया है। इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम अपने सशस्त्र बलों को नमन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि वीर जवानों के प्रति एकजुट समर्थन और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरा देश आज सेना और प्रधानमंत्री के साथ मजबूती से खड़ा है।

बड़ौली ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की सैन्य नीति और रणनीतिक आत्मनिर्भरता की बड़ी उपलब्धि है। इस कार्रवाई ने पाकिस्तान में छिपे आतंक के अड्डों को नेस्तनाबूद कर दिया और उसकी सेना को भी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सेना के इस अद्वितीय पराक्रम की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह तिरंगा यात्रा एक माध्यम है।

इस यात्रा में कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, विधायक निखिल मदान, पवन खरखौदा, कृष्णा गहलावत, देवेंद्र कादयान, मेयर राजीव जैन, जिला प्रभारी सतीश नांदल, जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, गोहाना से विजेंद्र मलिक, मीडिया प्रभारी नीरज अत्रे सहित हजारों कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि व गणमान्य लोग शामिल हुए।

Please follow and like us:
Pin Share