मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पत्रकारों के हितों की रक्षा का दिया आश्वासन, वादों को जल्द पूरा करने का भरोसा



भरत गुप्ता, पंचशील उदय

**नई दिल्ली।**
नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) \[एनयूजे-आई] और दिल्ली जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन \[डीजेए] के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात कर राजधानी में कार्यरत पत्रकारों की समस्याओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री कार्यालय, दिल्ली विधानसभा में हुई इस मुलाकात में मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का भरोसा दिलाया।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एनयूजे-आई अध्यक्ष रास बिहारी और डीजेए अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने किया। बैठक के दौरान रास बिहारी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि दिल्ली में सभी पत्रकारों – चाहे वे मान्यता प्राप्त हों या नहीं – को मुफ्त चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए। साथ ही, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की तर्ज पर पेंशन योजना शुरू करने की मांग भी रखी गई।

प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली सरकार की प्रत्यायन समिति (एक्रीडिटेशन कमेटी) के पुनर्गठन और महिला पत्रकारों से जुड़ी विशिष्ट समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र में पत्रकारों से किए गए सभी वादों को शीघ्र लागू किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में एनयूजे के सचिव अमलेश राजू, डीजेए महासचिव प्रमोद कुमार सिंह, महिला प्रकोष्ठ संयोजक प्रतिभा शुक्ला, डीजेए उपाध्यक्ष अनिता चौधरी, एनयूजे चुनाव आयोग चेयरमैन दधिबल यादव, *पब्लिक एशिया* के संपादक मुकेश वत्स, एनयूजे कार्यकारिणी सदस्य उषा पाहवा और प्रदीप श्रीवास्तव शामिल रहे।

Please follow and like us:
Pin Share