
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय को कोरोना संक्रमित होने के बाद इलाज के लिए मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। पर्यावरण मंत्री के ऑफिस द्वारा यह जानकारी दी गई है।
गोपाल राय ने एक ट्वीट में कहा कि शुरुआती लक्षण दिखने के बाद उन्होंने जांच कराई जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। पर्यावरण मंत्री ने हाल ही में अपने संपर्क में आने वाले सभी लोगों से अपनी जांच कराने का आग्रह किया है।
जानकारी के अनुसार, गोपाल राय की कोविड-19 जांच में गुरुवार को उनके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। संक्रमण का शिकार होने वाले वह दिल्ली सरकार के तीसरे मंत्री हैं। इससे पहले उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन भी संक्रमित हो चुके हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि राय ने दिवाली पर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी। तबीयत ठीक न होने के चलते गोपाल राय, सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं हुए थे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा कोविड-19 की स्थिति पर 19 नवंबर को बैठक बुलाई गई थी।
कोरोना के एक्टिव मामलों में कमी आई
दिल्ली में कोरोना वायरस (कोविड-19) के नए मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या अधिक रहने से एक्टिव मामलों में कमी आई है। बुधवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में 24 घंटों के दौरान 5246 नए मामले सामने आए। वहीं इस दौरान कोरोना मुक्त होने वालों की संख्या 5361 रही, जबकि 99 और लोगों की मौत होने से मृतकों का कुल आंकड़ा 8720 तक पहुंच गया।
हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, राजधानी में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,45,787 हो गई है। वहीं स्वस्थ होने वालों की संख्या 4,98,780 हो गई है और एक्टिव मामलों की संख्या 38,227 रह गई है। राजधानी में बुधवार को 26,080 आरटी-पीसीआर टेस्ट और 35,698 रैपिड एंटीजन टेस्ट किए गए। अभी तक कुल 59.76 लाख से अधिक नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। दिल्ली में प्रति दस लाख लागों में से 3,14,549 लोगों के नमूनों को परीक्षण किया जा रहा है।