
नई दिल्ली – आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के चुनावी घोटाले का बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने साक्ष्यों के साथ बताया कि मोदी सरकार के केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा के सांसदों, पूर्व सांसदों समेत अन्य फर्जी पते पर बड़े पैमाने पर फर्जी वोट बनवाए जा रहे हैं। नई दिल्ली से भाजपा के प्रत्याशी प्रवेश वर्मा जिस सांसद आवास पर कब्जा किए बैठे हैं, उस पते पर 33 वोट बनवाने की एप्लीकेशन दी गई है। केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी व कमलेश पासवान समेत अन्य सांसदों के पते पर बड़ी संख्या में फर्जी वोट बनवाने की एप्लीकेशन दी गई है। जिन लोगों के नाम से वोट बनवाने जा रहे हैं, उनके बारे में भी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान जिन पतों पर 2-5 वोट थे, अब उन्हीें पतों पर 28 से लेकर 44 तक फर्जी वोट बनवाए जा रहे हैं। भाजपा के सांसदों से लेकर केंद्रीय मंत्री तक चुनाव आयोग की आंख में धूल झोंक रहे हैं। हमारी मांग है कि चुनाव आयोग इस पर संज्ञान लेकर तत्काल कार्रवाई करे। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद संजय सिंह ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर भाजपा के चुनावी घोटाले का बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा किस तरह चुनावों में हेरफेर करती है। इस काम में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री, भाजपा के सांसद और बड़े-बड़े लोग शामिल हैं। भाजपा के केंद्रीय मंत्री और सांसद चुनाव आयोग की आंख में धूल झोंक रहे हैं और उसकी प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़ कर चुनावी घोटाला कर रहे हैं। नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी प्रवेश वर्मा पूर्व सांसद हैं। इसके बावजूद प्रवेश वर्मा मई 2024 से लेकर आज तक पिछले 8 महीने से सांसद का बंगला कब्जा करके बैठे हुए हैं। प्रवेश वर्मा ने अपने सरकारी बंगले के पते पर 33 वोट बनवाने की एप्लीकेशन दी है। संजय सिंह ने कहा कि फर्जी वोट बनवाने वालों में मोदी सरकार के केंद्रीय मंत्री, सांसद, पूर्व सांसद से लेकर ऐसे पते पर वोट बनवाए गए हैं, जिनका कोई पता नहीं है और न उन वोटर के बारे में कोई जानकारी है। वोट बनवाने में मोदी सरकार के केंद्रीय मंत्री से लेकर सांसद तक फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। भाजपा और मोदी जी से पूछना चाहते हैं कि आप अपनी पार्टी को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहते हैं और ऐसे फर्जीवाड़ा करके वोट जीना चाहते हो। आप देश की राजधानी दिल्ली के अंदर चुनावी धोखाधड़ी कर रहे हैं। क्या यही आपका चुनाव लड़ने का तरीका है। मीडिया भी जाकर इन पतों की जांच कर सकता है। अभी लोकसभा का चुनाव संपन्न हुआ है। लोकसभा के चुनाव के दौरान इन पतों पर कितने वोट थे। इन वोटों को बनवाने के लिए पिछले 15 दिनों में एप्लीकेशन दी गई है। इसका मतलब है कि यह चुनावी घपला-घोटाला हो रहा है। यह इतने बड़े पैमाने पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता बार-बार चुनाव आयोग से कार्रवाई करने की गुहार लगा रहे हैं। चुनाव आयोग द्वारा कुछ कार्रवाई की भी गई है। लेकिन यह नई दिल्ली विधानसभा में हो रहा है, जहां पर केंद्रीय चुनाव आयोग का दफ्तर है। उसके नाक के नीचे यह सबकुछ हो रहा है। प्रवेश वर्मा ने अपने पते पर 33 वोट बनवाने की एप्लीकेशन दे रखी है। जबकि उनको उस घर में रहने का भी अधिकार नहीं है। पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा के साथ-साथ दो केंद्रीय पंकज चौधरी और कमलेश पासवान के पते पर भी वोट बनवाने की एप्लीकेशन दी गई है। आखिर यह क्या हो रहा है? इसीलिए आम आदमी पार्टी बार-बार कह रही है कि भाजपा वोटर लिस्ट में वोट कटवा और जुड़वा कर चुनाव जीतना चाहती है। मीडिया को भी इन पतों पर जाकर जांच करना चाहिए कि जिनके वोट बनवाने की एप्लीकेशन दी गई है, वो लोग कहां हैं। चुनाव आयोग को तत्काल संज्ञान लेकर इन लोगों के खिलाफ इस चुनावी फ्राड में शामिल होने का मुकदमा दर्ज कराना चाहिए।