
नई दिल्ली – मुख्यमंत्री आतिशी और कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी पर रविवार को कालकाजी से भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर आम आदमी पार्टी ने तीखा हमला बोला है। “आप” के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा में गाली देना ही सबसे बड़ी योग्यता है। भाजपा ने महिला मुख्यमंत्री आतिशी को गाली देने वाले रमेश बिधूड़ी को दिल्ली में अपना मुख्यमंत्री चेहरा बना दिया है। इसलिए अब दिल्ली की जनता को तय करना है कि उन्हें महिलाओं को गाली देने वाला रमेश बिधूड़ी चाहिए या महिलाओं के लिए हर महीने 2100 रुपए देने, उनकी सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और बसों की यात्रा फ्री करने वाले अरविंद केजरीवाल चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा में गालियां देने की ट्रेनिंग दी जाती है। रमेश बिधूड़ी ने गाली देकर एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी गालीबाज़ और गुंडों की पार्टी है। संजय सिंह ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर कहा कि भाजपा के प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी ने दिल्ली की महिला मुख्यमंत्री को जिस तरह की भद्दी और अपमानजनक गालियां देने का काम किया है, राजनीति में रहने वाला व्यक्ति एक महिला मुख्यमंत्री के लिए इतनी गंदी भाषा का प्रयोग करे, इसका कोई दूसरा उदाहरण नहीं मिलेगा। रविवार को भाजपा के प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी ने कहा कि आतिशी ने अपना बाप बदल दिया। क्या पीएम मोदी अपने नेताओं को यही सिखाते हैं? क्या भाजपा वाले यही ट्रेनिंग देते हैं? क्या इनके यहां दिन-रात यही गाली-गलौज भाषा की ट्रेनिंग दी जाती है? ये लोग यही गुंडागर्दी की भाषा बोलते हैं? आतिशी के पिताजी 80 साल की उम्र के हैं। वृद्धावस्था में हैं और बीमार हैं। ऐसी हालत में भाजपा वाले एक महिला मुख्यमंत्री के मां-बाप को गालियां दे रहे हैं। क्या उन्हें शर्म नहीं आती? संजय सिंह ने आगे कहा कि प्रियंका गांधी पर की गई अभद्र टिप्पणी के खिलाफ आम आदमी पार्टी के एक-एक नेता ने बयान दिया। लेकिन बहुत शर्म की बात है कि उनकी ही पार्टी के नेता अजय माकन और संदीप दीक्षित रमेश बिधूड़ी के खिलाफ एक शब्द नहीं बोल रहे हैं कि रमेश बिधूड़ी ने जो गलत बोला है। यह इन लोगों का चरित्र है। क्या इससे साफ नहीं हो जाता कि कांग्रेस नेता अजय माकन और संदीप दीक्षित भाजपा से मिले हुए हैं या इनके गहरे संबंध हैं? इन लोगों की इतनी भी हिम्मत नहीं है कि रमेश बिधूड़ी के खिलाफ एक शब्द भी बोल सकें। ये लोग सीएम आतिशी के मामले में नहीं बोले, कोई बात नहीं, लेकिन कम से कम अपनी ही पार्टी की नेता प्रियंका गांधी के बारे में बोल देते। इसलिए हम बार-बार कह रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी के अंदर भाजपा की स्क्रिप्ट पढ़ने वाले कुछ नेता हैं, जिनमें अजय माकन और संदीप दीक्षित प्रमुख रूप से शामिल हैं। संजय सिंह ने कहा कि एक बात तो तय है कि रमेश बिधूड़ी ने जब से यह गाली-गलौज शुरू की है और एक निर्वाचित महिला मुख्यमंत्री के 80 साल के बूढ़े और बीमार पिता को गाली दी है, तब से भाजपा के आका बहुत खुश हैं। वो कह रहे हैं कि हमारी पार्टी में तो ऐसा ही नेता होना चाहिए। यही सबसे सुयोग्य, अच्छा और बेहतरीन आदमी है। क्योंकि यह महिलाओं को अच्छी-अच्छी गालियां दे लेता है। अरविंद केजरीवाल महिलाओं को 2100 रुपए सम्मान दे रहे हैं, माताओं-बहनों के लिए बस की फ्री यात्रा कर रहे हैं, महिलाओं की सुरक्षा के लिए दिल्ली में सीसीटीवी कैमरे लगा रहे हैं, वो ठीक नहीं हैं। बल्कि महिलाओं को गाली देने वाला रमेश बिधूड़ी ठीक है। यह भाजपा की सोच है। यह पीएम मोदी और भाजपा के आका-नेताओं की सोच है। कांग्रेस द्वारा महिलाओं के लिए सम्मान राशि के ऐलान पर संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल ही गारंटी हैं। जिन्होंने बिजली, पानी, शिक्षा, इलाज फ्री दिया। माताओं बहनों के लिए बस की यात्रा फ्री की। बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा फ्री कराई। इन सबके बावजूद मुनाफे का बजट दिया। अरविंद केजरीवाल जो कहते हैं लोग उसपर भरोसा करते हैं। बाकी घोषणा करने के लिए बहुत सी पार्टियां हैं जो कुछ न कुछ बोलेंगी। प्रधानमंत्री मोदी के आपदा वाले बयान पर संजय सिंह ने कहा पंजाबी में अगर आप किसी से पूछे कि दिल्ली किसका तो लोग बोलेंगे दिल्ली ‘आप दा’। यह पंजाबी में ‘आप दा दिल्ली’ हो जाता है। दिल्ली आम आदमी पार्टी की है। और पीएम मोदी भी इस बात को मानते हैं। आजकल पीएम मोदी के साथ कई दुर्घटनाएं हो रही है। उसके साथ मुझे सहानुभूति है। लेकिन मैं केवल इतना कहना चाहता हूं कि इनके गाली गलौज से कुछ होने वाला नहीं है। दिल्ली की जनता भाजपाइयों की जमानत जब्त कराने के लिए तैयार है।