केंद्र ने असम और मिजोरम के मुख्य सचिवों एवं पुलिस महानिदेशकों की बैठक बुलायी

PU

नई दिल्ली। केंद्र ने असम और मिजोरम की सीमा पर हुई हिंसा के आलोक में बुधवार को दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों एवं पुलिस महानिदेशकों की बैठक बुलायी है।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला असम -मिजोरम सीमा पर अचानक हिंसा बढ़ने के विषय पर चर्चा के लिए बुलायी गयी इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। असम-मिजोरम सीमा पर सोमवार को हुई हिंसा में असम पुलिस के पांच कर्मी मारे गये।

मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्य सचिवों एवं पुलिस महानिदेशकों की इस बैठक में शांति फार्मूला तैयार किये जाने की संभावना है, ताकि इन दोनों राज्यों की सीमा पर हिंसा की पुनरावृत्ति न हो।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार असम एवं मिजोरम सरकारों के नियमित संपर्क में है और वह स्थिति को शांत करने का प्रयास कर रही है।

सोमवार को मिजोरम पुलिस द्वारा असम के अधिकारियों पर गोलियां चलाने से असम पुलिस के पांच कर्मी मारे गये जबकि एक पुलिस अधीक्षक समेत 50 अन्य घायल हो गये।

असम की बराक घाटी के कछार, करीमगंज और हाइलाकांडी जिलों की 164 किलोमीटर लंबी सीमा मिजोरम के आइजोल, कोलासिब और मामित जिलों से सटी है।

पिछले कुछ सप्ताहों के दौरान दोनों पक्षों द्वारा एक दूसरे के क्षेत्र में अतिक्रमण के आरोपों एवं छिटपुट झड़प के बीच अंतरराज्यीय सीमा पर हिंसा हुई और असम पुलिस के पांच कर्मी मारे गये।

इस हिंसक घटना से महज दो दिन पहले ही गृहमंत्री अमित शाह ने पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत की थी और लंबित सीमा विवाद के समाधान की आवश्यकता पर बल दिया था।

Please follow and like us: