
नई दिल्ली। मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने कार चोरी के एक मामले में फरार चल रहे आरोपित को 25 साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपित ने 1993 में आरके पुरम में एक महिला की कार चुराई थी। आरोपित की पहचान उत्तर नगर निवासी संतराम उर्फ संतू के रूप में हुई है। आरोपित ने फरारी के दौरान दिल्ली-एनसीआर में 69 वारदात को अंजाम दिया। कार चोरी के इस मामले में आरोपित 1996 के बाद कभी अदालत की कार्रवाई में शामिल नहीं हुआ था। अदालत ने उसे भगोड़ा करार दे दिया था। नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त दीपक यादव ने बताया कि 1993 में आरके पुरम इलाके में पल्लवी चंदर नामक महिला ने थाने में अपनी कार चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। इस दौरान आरोपित अदालत की कार्रवाई में शामिल नहीं हुआ। 12 जुलाई, 1996 को अदालत ने आरोपी को भगोड़ा करार दिया। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। कुछ दिन पहले मंदिर मार्ग थाने के एसआइ जय सिंह को सूचना मिली कि आरोपित अपने घर उत्तम नगर में मौजूद है। ऐसे में पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।