
नई दिल्ली – आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को अपने सभी विधायकों के साथ बैठक कर बदले राजनीतिक परिदृश्य को लेकर अहम चर्चा की। बैठक में सभी विधायक मौजूद रहे। बैठक की जानकारी साझा करते हुए वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा कि पार्टी के सभी विधायकों को एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने के साथ-साथ उन्हें अपने क्षेत्र की जनता की सेवा में जुटने का निर्देश दिया गया है। आम आदमी पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि भाजपा अपने वादे के अनुसार पहली कैबिनेट बैठक में महिलाओं को 2500 रुपए प्रतिमाह देने की स्कीम पास कर 8 मार्च तक उनके खाते में डाले। हम भाजपा की जवाबदेही भी तय करेंगे कि दिल्लीवालों को 300 यूनिट बिजली, सभी सुविधाओं के साथ अच्छे सरकारी स्कूल, मोहल्ला क्लिनिकों और अस्पतालों में सबका सारा इलाज मुफ्त जारी रहेगा। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के नवनिर्वाचित 22 विधायकों के साथ अहम बैठक की। जिसमें सभी विधायकों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि उनके विधानसभा क्षेत्र में जनता के जो भी काम हैं, वो “आप” विधायकों को करने हैं। लोगों ने आम आदमी पार्टी के 22 विधायकों पर भरोसा जताते हुए उन्हें जीताकर भेजा है। अब हमारी जिम्मेदारी उन लोगों की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। आतिशी ने कहा कि दूसरी बात विपक्ष की भूमिका निभाना हमारी जिम्मेदारी है। भाजपा जीतकर आई है और वह सरकार बना रही है। उसकी जवाबदेही तय करवाना आम आदमी पार्टी के विधायकों का काम है। भाजपा ने वादा किया था कि पहली कैबिनेट की बैठक में 2500 रुपए की स्कीम पास की जाएगी और 8 मार्च तक दिल्ली की सभी महिलाओं के खाते में 2500 रुपए आ जाएंगे। आम आदमी पार्टी इस पर भाजपा की जवाबदेही को सुनिश्चित करेगी। दिल्ली की हर महिला को यह 2500 भाजपा से 8 मार्च तक आम आदमी पार्टी दिलवाकर रहेगी। आतिशी ने कहा कि हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि जो काम आम आदमी पार्टी ने पिछले 10 साल में किए हैं, उन्हें भाजपा रोक ना पाएं। हम भाजपा से कहना चाहेंगे कि जैसा उन्होंने वादा किया था कि सभी दिल्ली वालों को 300 यूनिट फ्री बिजली मिलेगी। सभी सुविधाएं जारी रहेंगी। सरकारी स्कूल अच्छे रहेंगे। मोहल्ला क्लीनिक में फ्री इलाज चलता रहेगा और सरकारी अस्पतालों में सारा इलाज फ्री जारी रहेगा। हम भाजपा की यह जवाबदेही तय करके रखेंगे। चाहे दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपए देना हो और चाहे आम आदमी पार्टी द्वारा किए गए कामों को जारी रखना हो। आतिशी ने कहा कि चुनाव परिणामों को लेकर अभी विश्लेषण जारी है कि क्यों आम आदमी पार्टी की हार हुई। लेकिन दिल्ली की जनता का जनादेश है, जिसका हम सम्मान करते हैं। यह भी सच्चाई है कि जितनी गुंडागर्दी से यह चुनाव हुआ, दिल्ली के इतिहास में ऐसा चुनाव कभी नहीं हुआ होगा। जहां खुलेआम पैसा और शराब बांटी गई। पुलिस वाले खुद बंटवा रहे थे। गुंडागर्दी हो रही थी और जो इसकी शिकायत कर रहा था उसे जेल में डाल दिया गया और यह आम आदमी पार्टी नहीं कह रही है। बल्कि यह दिल्ली के लोग कह रहे हैं। यह बिल्कुल साफ है कि इस चुनाव में गुंडागर्दी की अहम भूमिका रही है। प्रशासन की भागीदारी की भूमिका रही। लेकिन हम दिल्ली की जनता का जनादेश स्वीकार करते हैं। हम एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। भाजपा ने जो भी वादे किए हैं, उन्हें आम आदमी पार्टी पूरा करवाएगी। वहीं, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक संजीव झा ने कहा कि आज हम सब लोगों की पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल के साथ बैठक थी जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। दिल्ली में भाजपा ने वादा किया था कि पहली कैबिनेट मीटिंग में हर महिला को महीने के 2500 दिए जाने की स्कीम को पास किया जाएगा। हमारी कोशिश यही है कि भाजपा पहली कैबिनेट में इस प्रपोजल को पास करे और अपना वादा पूरा करे। हमें भाजपा द्वारा किए गए वादों को पूरा कराना है। इन्हीं सब बातों पर बैठक में चर्चा की गई। अरविंद केजरीवाल ने सुबह की वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने रविवार को सुबह सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में सांसद संजय सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) व सांसद डॉ. संदीप पाठक और दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय समेत अन्य नेता शामिल हुए। इस बैठक में सभी नेताओं ने भविष्य की रणनीति पर चर्चा की। दिल्ली में पार्टी की मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने और भाजपा को अपने सारे वादे पूरे करने का दबाव बनाने की रणनीति बनाई गई। अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के सभी नेताओं को एकजुट होकर दिल्ली की जनता की सेवा करने और उनके मुद्दे उठाने समेत अन्य रणनीति पर चर्चा की गई।