दिल्ली की महिलाएं इंतजार कर रही हैं कि क्या होली पर उन्हें मुफ्त सिलेंडर मिलेगा या 2500 रुपए की तरह यह वादा भी जुमला साबित होगा?- आतिशी



नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को 2500 रुपए देने का वादा जुमला साबित होने के बाद भाजपा को होली पर मुफ्त सिलेंडर देने के उसके दूसरे वादे को याद दिलाया है। ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक ऋतुराज झा, दिल्ली की पूर्व मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय समेत कई नेताओं ने दिल्ली के अंदर करीब 40 जगहों पर प्रदर्शन कर भाजपा से होली पर मुफ्त सिलेंडर देने के पीएम मोदी के वादे को पूरा करने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुई। इस दौरान भाजपा की दिल्ली सरकार से खाली सिलेंडर को भरने की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहे ऋतुराज झा समेत कई ‘‘आप’’ कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव से पहले दिल्ली की महिलाओं को कई वादे किए थे। भाजपा का महिलाओं को 8 मार्च तक 2500 रुपए देने का वादा तो जुमला और धोखा साबित हो गया। पीएम मोदी ने होली-दिवाली पर हर महिला को एक फ्री सिलेंडर देने का दूसरा वादा किया था। दिल्ली की महिलाएं मुफ्त सिलेंडर देने के वादे को पूरा होने का इंतजार कर रही हैं। अभी होली में दो दिन और बचे हैं। दिल्ली की महिलाएं इंतजार कर रही हैं कि क्या उनको फ्री का सिलेंडर मिलेगा या फिर 2500 रुपए की तरह ही फ्री सिलेंडर का वादा भी जुमला साबित होगा? दिल्ली की महिलाएं खाली सिलेंडर लेकर अलग-अलग इलाको में भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर रही हैं। आम आदमी पार्टी का कहना है कि दिल्ली में भाजपा को उसके चुनावी वादे याद दिलाना भी अब जुर्म हो गया है। बुधवार को आईटीओ पर आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा को होली पर्व पर मुफ्त सिलेंडर देने के उसके चुनावी वादे याद दिलाया तो दिल्ली पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया। भाजपा ने पहले महिलाओं को 2500 रुपए देने का वादा करके ठगा और अब वह मुफ्त सिलेंडर देने से भी मुकरने की तैयारी कर रही है। क्या भाजपा अपने सभी वादे जुमले साबित करेगी? वहीं, दिल्ली की पूर्व मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय समेत ‘‘आप’’ कार्यकर्ताओं ने मंडी हाउस पर प्रदर्शन कर भाजपा से चुनावी वादे पूरे करने की मांग की। इसी तरह, कालकाजी और संगम विहार समेत अन्य जगहों पर ‘‘आप’’ कार्यकर्ताओं सिलेंडर के साथ प्रदर्शन किया और कहा कि 2500 रुपए का वादा तो जुमला निकला, क्या होली पर मुफ्त सिलेंडर मिलेगा या फिर यह भी जुमला निकलेगा? आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक ऋतुराज झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव से पहले दिल्ली के लोगों से बहुत सारे वादे किए थे। इसमें महिलाओं के खाते में 2500 रुपए डालने और होली-दिवाली पर एक सिलेंडर मुफ्त देने के दो प्रमुख वादे थे। महिलाओं को 8 मार्च तक 2500 रुपए देने थे। 8 मार्च निकल चुकी है। लेकिन अभी तक महिलाओं का पंजीकरण भी शुरू नहीं हुआ है। पैसे आने तो बहुत दूर की बात है। अब दिल्ली की महिलाएं होली पर मुफ्त सिलेंडर मिलने का इंतजार कर रही हैं। घर में सिलेंडर खाली पड़ा है। लोग त्यौहार कैसे मनाएं? लोगों को लगा कि मोदी ने गारंटी दी तो सच ही होगा। लेकिन सच नहीं हुआ। भाजपा दिल्ली के लोगों को बताए कि मोदी जी की गारंटी कहां गई? दिल्ली की हमारी माताएं-बहनें अपने खाली सिलेंडर भरने का इंतजार कर रही हैं। कहीं ऐसा न हो कि दिल्ली की भाजपा सरकार कह दे कि बुरा न मानो होली है, सिलेंडर खाली ही रहेगा।

Please follow and like us:
Pin Share