

गुलावठी – डीoएनoपीजी कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग में एक दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला के अंतर्गत एस एस वी डिग्री कॉलेज ,हापुड़ के रसायन विज्ञान की प्रोफेसर संगीता अग्रवाल ने” रसायन विज्ञान में वैज्ञानिक शब्दावली की भूमिका” पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि रसायन विज्ञान में वैज्ञानिक शब्दावली के माध्यम से विषय को सही रूप से समझने में सहायता मिलती है। रसायन विज्ञान में वैज्ञानिक शब्दावली का अपना विशिष्ट स्थान है। इसके माध्यम से पदार्थ के रंगों, गुणों, संरचनाओं आदि को आसानी से समझा जा सकता है। रासायनिक क्रियाओं में भी इसका प्रयोग किया जाता है। विज्ञान की भांति रसायन विज्ञान के विशिष्ट नियमों ,समीकरणों,उपकरणों आदि को इन शब्दावलियों के द्वारा व्यक्त किया जाता है। कार्यक्रम संयोजक एवं रसायन विज्ञान विभाग प्रभारी डॉक्टर विनीता गर्ग ने बताया कि रसायन विज्ञान का जीवन में विशिष्ट महत्व है । नए-नए अनुसंधानों में अब तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है। विभिन्न रासायनिक प्रक्रियाएं कंप्यूटर तकनीक के माध्यम से भी कराई जा रही है, जिसके कारण रसायन विज्ञान की शब्दावली में नए-नए शब्दों का भी समावेश होता जा रहा है। कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर योगेश कुमार जी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों को नए-नए अनुसंधानों में शब्दावली के विशिष्ट प्रयोग के महत्व को बताया और रसायन विज्ञान के क्षेत्र में विद्यार्थियों को अध्ययन एवं शोध के लिए आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में श्री नरेश कुमार, डॉक्टर महेंद्र कुमार, डॉक्टर संदीप कुमार, श्री भूपेंद्र कुमार, कुलदीप अंतरा, मनप्रीत आदि उपस्थित रहे।