22 फरवरी से शुरू होने वाले 36वें अंतर्राष्ट्रीय मानव एकता सम्मेलन में विश्व के प्रमुख धर्माचार्य होंगे एकत्रित




नई दिल्ली : 36वां अंतर्राष्ट्रीय मानव एकता सम्मेलन 22 से 23 फरवरी, 2025 तक संत दर्शन सिंह  धाम, बुराड़ी, दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है, जहां विश्व के प्रमुख धर्माचार्य, आध्यात्मिक रहनुमा और विदेशों से आए अनेक प्रतिनिधि भाग लेंगे। सावन कृपाल रूहानी मिशन के प्रमुख संत राजिन्दर सिंह  महाराज की अध्यक्षता में होने वाले इस सम्मेलन में प्रेम, मानव एकता और विश्व शांति के सिद्धांतों पर ध्यान केन्द्रित किया जाएगा। इस सम्मेलन में शांति और मानव एकता पर प्ररेणादायक सेमिनार, प्रतिदिन ध्यान-अभ्यास सत्र, आध्यात्मिक प्रवचन और अनेक मानव-कल्याण के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस दो दिवसीय सम्मेलन में भारत और विदेशों से हजारों की संख्या में लोग भी भाग ले रहे हैं। यह एक मात्र संयोग ही है कि इस वर्ष 36वें अंतर्राष्ट्रीय मानव एकता सम्मेलन के दौरान संत दर्शन सिंह  धाम के उद्घाटन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सिल्वर जुबली भी मनाई जा रही है। यह एक ऐसा आध्यात्मिक स्थान है, जोकि पूरे विश्वभर में अंतरीय और बाह्य शांति को बढ़ाना देने के लिए प्रयासरत है। यह सम्मेलन प्रतिवर्ष फरवरी के महीने में परम संत कृपाल सिंह  महाराज (1894-1974) के जीवन और उनकी शिक्षाओं को याद करते हुए 6 फरवरी को उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। परम संत कृपाल सिंह  महाराज विश्व धर्म संघ तथा मानव एकता सम्मेलन के संस्थापक अध्यक्ष थे। प्रथम मानव एकता सम्मेलन की शुरूआत परम संत कृपाल सिंह जी महाराज द्वारा फरवरी, 1974 में की गई थी। 36वें अंतर्राष्ट्रीय मानव एकता सम्मेलन के उद्घाटन सत्र के दौरान संत राजिन्दर सिंह  महाराज अपने अध्यक्षीय भाषण में आंतरिक शांति और मानव एकता विषय पर अपना प्रभावशाली संदेश देंगे। दो दिवसीय सम्मेलन में 22 फरवरी को ‘ध्यान-अभ्यासः आंतरिक शांति और एकता का मार्ग’ तथा 23 फरवरी को ‘कृपाल-दिव्य प्रेम और ज्ञान के महासागर’ विषयों पर सेमिनारों का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में सावन कृपाल रूहानी मिशन द्वारा मानव-कल्याण हेतु जरूरतमंद भाई-बहनों के लिए अनेक कार्यक्रम चलाए जाएंगे। जिसमें 23 फरवरी, 2025 को 40वें मुफ्त नेत्र जांच और मोतियाबिन्द ऑपरेशन शिविर का आयोजन अमेरिका से आए डॉक्टर्स और आई केयर अस्पताल, नौएडा के सहयोग से संत दर्शन सिंह  धाम, बुराड़ी, दिल्ली में किया जाएगा। जिससे कि सैकड़ों की संख्या में भाई-बहनों को आंखों की रोशनी का उपहार प्राप्त होगा।पिछले कई वर्षों से आयोजित किए जा रहे इन शिविरों में अब तक लगभग 19000 लोगों ने अपनी आँखों का ऑपरेशन कराकर दृष्टि प्राप्त की है। इसके अलावा सम्मेलन के दौरान 22 फरवरी, 2025 को जरूरतमंद भाई-बहनों के लिए वस्त्र वितरण शिविर और 1 मार्च, 2025 को 64वां रक्तदान शिविर कृपाल बाग, दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ-साथ सावन कृपाल रूहानी मिशन की ओर से दिल्ली के अनेक वृद्ध आश्रमों और कई एन.जी.ओ. में जरूरतमंद भाई-बहनों को खाने-पीने की वस्तुएं, दवाईयां और फलों का वितरण भी किया जाएगा।

Please follow and like us:
Pin Share