
नई दिल्ली – आम आदमी पार्टी ने भाजपा को नकारात्मक राजनीति को छोड़कर सकारात्मक राजनीति करने की सलाह दी है, ताकि वह दिल्ली की जनता से किए अपने वादों को पूरा कर सके। “आप” की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि अगर सीएम आवास में किसी नियम का उल्लंघन हुआ है तो भाजपा ने मीडिया को उसके अंदर जाने क्यों नहीं दिया? जनता को भी पता चलना चाहिए कि वहां सोने का टॉयलेट, स्विमिंग पूल और मिनी बार बना है या सिर्फ भाजपा का झूठा प्रचार है। अगर भाजपा को जांच ही करानी है तो राजमहल की करानी चाहिए कि कैसे 2750 करोड़ में बना और किसने 300 करोड़ की कालीन, 200 करोड़ के झूमर की मंजूरी दी। मीडिया से बातचीत के दौरान आम आदमी पार्टी की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि दिल्ली की जनता ने भाजपा को चुना है, इसलिए अब उसे कम से कम सकारात्मक राजनीति शुरू कर देनी चाहिए। उन्होंने दिल्ली वालों से बहुत वादे किए हैं। उनका सबसे बड़ा वादा था कि 8 मार्च तक दिल्ली की सभी महिलाओं को 2500 रुपए मिलने शुरू हो जाएंगे। भाजपा को इस पर काम करना चाहिए। प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि अगर 6 फ्लैग स्टाफ रोड पर किसी नियम का उल्लंघन हुआ था, तो भाजपा ने मीडिया को अंदर क्यों नहीं जाने दिया? क्योंकि मीडिया देख लेती कि यह इनका बनाया हुआ केवल झूठ का प्रचार था। वहां न कोई सोने का टॉयलेट है, न कोई स्विमिंग पूल है और न कोई मिनी बार है। इसलिए मीडिया को बाहर ही रोक दिया गया। अगर निष्पक्ष जांच करनी है, तो उन्हें राजमहल की जांच करनी चाहिए। कोरोना के समय में किस तरह जनता के 2750 करोड़ रुपए लगाकर प्रधानमंत्री मोदी का राजमहल बना। 300 करोड़ रुपए की कालीन, 200 करोड़ रुपए के झूमर और डेढ़ सौ करोड़ रुपए के सिंहासन को किसने मंजूरी दी? राजमहल में बनी उस टनल की किसने मंजूरी दी? इन्हें यह सब दिखना चाहिए और एक निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।