
नई दिल्ली – कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस एक जिम्मेदार विपक्षी पार्टी है, भाजपा सरकार के 3-4 महीने के कार्यवाही और कार्यकलापों का इंतजार कर रही है कि जो जनादेश दिल्ली के लोगों ने भाजपा को दिया है उस पर काम करती है या नही है। भाजपा की प्राथमिकता दिल्ली की समस्याओं को हल करने की होनी चाहिए। दिल्ली कांग्रेस लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को दृढ़ता से उठाएंगे, क्योंकि कांग्रेस दिल्ली की जनता को अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, राजीव भवन में आज मीडिया से बात करते हुए, देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली में पहले की प्रचलित योजनाओं को फिर से शुरू करने की बात करना कोई आश्चर्य नहीं है क्योंकि मोदी सरकार ने 2014 में भी यही काम किया था जब उसने केंद्र में कांग्रेस सरकार की परियोजनाओं को फिर से योजना बनाकर शुरू करने का काम किया था। इन्हें इस बात की कोई चिंता नही कि यह लोगों की भलाई के लिए है या नही? यादव ने कहा कि हम विधानसभा प्रत्याशियां से हार के कारणों का पता लगाने के लिए, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए रोडमैप तैयार करने के लिए संसदीय क्षेत्रों की विधानसभा के कांग्रेस के उम्मीदवारों की बैठकें कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव परिणामों से सबक लेना और उनका अवलोकन करना हमारी प्राथमिकता रहेगी, ताकि आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि भाजपा की घोषणाओं पर विश्वास नही कि कि वो अत्यधिक प्रदूषित यमुना की सफाई वास्तविकता में करेंगे, यमुना को साफ तभी माना जाएगा जब कोई गहरी डुबकी लगाने पर स्वस्थ रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के क्रियाकलापों पर गहन नजर रखेगी कि वो सभी चुनाव वादों को पूरा कर रही है या खोखले वादे करके लोगों को धोखा दे रही है जैसे 11 साल तक केजरीवाल ने किया था। यादव ने कहा कि अगर “शीश महल“ के अवैध निर्माण की जांच का आदेश दिया जाता है या पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ जांच का आदेश दिया जाता है, तो आम आदमी पार्टी के नेताओं को कानून को अपना काम करने देना चाहिए क्योंकि सच सामने आना चाहिए। अगर आप नेताओं के हाथ साफ है तो उन्हें जांच से डरना नही चाहिए। यादव ने कहा कि दिल्ली कांग्रेस ने सबसे पहले शराब नीति में भ्रष्टाचार और मुख्यमंत्री के निवास 6, फ्लैग स्टाफ रोड के निर्माण में सभी नियमों और विनियमों की धज्जियां उड़ाने को जनता के सामने उजागर किया था। अगर आम आदमी पार्टी ने कुछ गलत नही किया है तो सच्चाई सबके सामने आनी चाहिए, आप नेताओं को जांच पर चिंता नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा अब यह दावा कर रही है कि वह केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए दिल्ली विधानसभा में 14 सीएजी (कॉम्पट्रोलर और ऑडिटर जनरल) रिपोर्टों सदन में रखेगी, लेकिन आश्चर्यजनक है कि भाजपा ने इन रिपोर्टों को केजरीवाल द्वारा सार्वजनिक नही करने पर संसद के सदन में क्यों रखने का प्रयास नही किया। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन का गठन भाजपा की तानाशाही को रोकने के लिए किया गया था। भाजपा लगातार देश को विभाजित करने और संविधान का उल्लंघन करने की कोशिश कर रही है। लेकिन आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन केवल संसद चुनावों के लिए था, न कि दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए। उन्होंने कहा कि अन्य दलों के साथ कांग्रेस का गठबंधन पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के अधिकार क्षेत्र में है न कि किसी प्रदेश के अधिकार क्षेत्र में।