चुनाव आयोग ने दिल्ली में कई जगहों पर बहुत सारे वोट काटकर लोगों से उनके वोट का अधिकार छीना है – आदित्य ठाकरे

नई दिल्ली – महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे और शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता आदित्य ठाकरे ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव में भाजपा को चुनाव आयोग का आशीर्वाद था। भाजपा को चुनाव आयोग का आभारी होना चाहिए।पिछले 10 सालों में अरविंद केजरीवाल ने बहुत शानदार काम किए हैं और यह बात दिल्ली की जनता बखूबी जानती है। चुनाव आयोग ने दिल्ली में कई जगहों पर बहुत सारे वोट काटकर लोगों से उनके वोट का अधिकार छीना है। आज देश में चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष नहीं हो रहे हैं। इसलिए इंडिया गठबंधन के लिए अपने अगले कदम के बारे में सोचना जरूरी हो गया है। इस अवसर पर “आप” सांसद संजय सिंह, शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत, प्रियंका चतुर्वेदी, अरविंद सावंत और संजय दीना पाटिल भी मौजूद रहे शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता आदित्य ठाकरे ने कहा  कि आज हमारी आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात हुई। शिवसेना उद्धव बाला साहेब पार्टी के दिल में यह बात साफ है कि सरकार आती-जाती रहती है, लेकिन हमारा रिश्ता ऐसे ही चलता रहेगा। हम यही कहने आए थे। अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी ने पिछले 10 साल में दिल्ली के लिए जो काम किया है, उसे दिल्ली सारी जनता जानती है। इस चुनाव में चुनाव आयोग का बहुत बड़ा हाथ था। भाजपा के ऊपर चुनाव आयोग का आशीर्वाद था। भाजपा को चुनाव आयोग का आभार मानना चाहिए। आदित्य ठाकरे ने बताया कि बुधवार को मेरी कांग्रेस नेता राहुल गांधी से बात हुई और आज अरविंद केजरीवाल से बात हुई कि इंडिया गठबंधन और सभी पार्टियों को मिलकर अब अपने अगले कदम के बारे में सोचना चाहिए क्योंकि हमारा चुनाव अब स्वतंत्र और निष्पक्ष नहीं रह गए हैं। हम देश हित में लड़ते रहेंगे। हम जनता की आवाज उठाते रहेंगे। देश के भले के लिए अगर सड़क पर उतर कर भी लड़ना पड़े तो लड़ते रहेंगे। आदित्य ठाकरे ने कहा कि दिल्ली चुनाव पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस अपनी-अपनी समीक्षा करेंगी लेकिन इंडिया गठबंधन में हमारी दोस्ती बनी रहेगी। साथ ही कई जगहों पर जिस तरह से वोट काटे गए थे, उस पर विचार करना भी जरूरी है क्योंकि चुनाव आयोग ने उन लोगों से उनके वोट का अधिकार छीना है। इस पर विचार-विमर्श होना भी जरूरी है।आदित्य ठाकरे ने कहा कि हम कई सवाल उठा रहे हैं। महाराष्ट्र चुनाव में अचानक 47 लाख वोटर्स कैसे बढ़े? आखिरी समय के बाद 76 लाख वोट किसने डाले हैं? क्या इसकी कोई वीडियो फुटेज या टोकन है? चुनाव आयोग इस पर बात करने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं है। हरियाणा, मध्य प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली और महाराष्ट्र समेत सभी चुनाव में यही पैटर्न दिख रहा है। हमारे देश में अब स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव नहीं होते, यह इसका सबूत है। आदित्य ठाकरे ने कहा कि यह देशहित की बात है। इसलिए हम सब साथ मिलकर लड़ेंगे। कोई भी चुनाव हार या जीत सकता है, लेकिन स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव होना जरूरी है। हम लड़ते रहेंगे और अपनी रणनीति सुधारते रहेंगे। ऐसा लग रहा है कि जैसे हम चुनाव आयोग के साथ कोई शतरंज का खेल खेल रहे हों। अगर वह कोई तरीका अपना रहे हैं तो हमें उसका जवाब देना पड़ेगा। यह चलता रहेगा। इस दौरान “आप” के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आदित्य ठाकरे, संजय राउत, प्रियंका चतुर्वेदी, लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष अरविंद सावंत और उद्धव बाला साहेब ठाकरे शिवसेना गुट के सभी सांसद, प्रदेश अध्यक्ष मंगत राम मोंडे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि चुनाव परिणाम की चिंता किए बिना हमारे रिश्ते की बुनियाद मजबूत रहेगी। इस रिश्ते की मजबूती के साथ हम लोग आगे बढ़ेंगे। देश के लिए काम करेंगे। जनता ने जो फैसला दिया है और चुनाव में जो गड़बड़ियां हुईं, उसके आधार पर आगे की रणनीति बना रहे हैं।

Please follow and like us:
Pin Share