कांग्रेस पार्टी को दिल्ली विधानसभा चुनाव में खुला समर्थन: दिल्ली देहात मोर्चा





नई दिल्ली – “दिल्ली देहात मोर्चा” के नेतृत्व में दिल्ली देहात के किसानों ने कांग्रेस के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव को सम्मानित करते हुए पगड़ी बांधी और शाल भेंट किया। इस अवसर पर किसानों ने कांग्रेस पार्टी को अपना खुला समर्थन देने की घोषणा की और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को वोट देने की अपील की। विभिन्न गांवों से आए किसानों ने प्रदेश अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा अपने घोषणा पत्र में दिल्ली देहात के सभी लंबित मुद्दों को शामिल करना एक ऐतिहासिक कदम है, जो दिल्ली देहात को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में दिल्ली देहात के विकास के लिए कई प्रमुख बिंदु शामिल किए गए हैं, जिनमें “सबको प्लॉट, स्मार्ट गांव” योजना को लागू करना, 20 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत आवंटित 74/4 जमीन वाले किसानों को मालिकाना हक प्रदान करना, कृषि भूमि के सर्किल रेट को 5 करोड़ रुपये प्रति एकड़ करना और लैंड पूलिंग पॉलिसी की व्यावहारिक समीक्षा करना शामिल है। इसके अलावा, दिल्ली देहात के युवाओं को उच्च शिक्षा का लाभ आसानी से मिल सके, इसके लिए नजफगढ़ में वेस्ट कैंपस और बवाना में नॉर्थ वेस्ट कैंपस खोलने की बात भी घोषणा पत्र में कही गई है। जय किसान आंदोलन के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं दिल्ली देहात मोर्चा के संस्थापक, किसान नेता राजीव यादव ने कहा कि दिल्ली की वर्तमान सरकार ने देहात क्षेत्र को 20 साल पीछे धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और उपराज्यपाल के बीच लगातार खींचतान के कारण कोई ठोस कार्य नहीं हुआ है। ऐसे में, कांग्रेस पार्टी को समर्थन देकर दिल्ली देहात के समावेशी विकास को गति देना आवश्यक हो गया है। इस कार्यक्रम में किसानों के प्रतिनिधिमंडल में ढासा 12 खाप के SC समाज के पूर्व प्रधान चौखराज कटारिया, चौधरी दिलबाग सिंह नीलवाल, डॉक्टर रामनिवास यादव (सुरेहड़ा), जगदीश यादव (कांगन हेड़ी), नरेंद्र यादव (घुम्मनहेड़ा), रोहताश सिंह राणा (घेवरा), ब्रिजेंद्र सिंह यादव (दौलतपुर), करण सिंह (बापडोला), देवेंद्र कुमार डागर (समसपुर खालसा) सहित कई वरिष्ठ किसान नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share