
नई दिल्ली – दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी ऐतिहासिक हार करीब देखकर भाजपा बौखला गई है और वह अपनी हरियाणा सरकार से डीडी-8 नाले के जरिए अमोनिया युक्त जहरीला पानी यमुना नदी में छुड़वा रही है। सोमवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने यह खुलासा करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इतनी गंदी राजनीति देश ने आज तक नहीं देखी थी। अगर दिल्ली की जनता भाजपा को वोट नहीं दे रही, तो क्या दिल्ली की जनता को ज़हर मिला पानी पिलाकर मार दोगे? हरियाणा से आने वाले पानी में वहां की भाजपा सरकार ज़हर मिलाकर भेज रही है। अगर ये पानी दिल्लीवालों ने पी लिया तो कई लोग मर जाएंगे। मैं दिल्ली की जनता से कहना चाहता हूं कि जब तक केजरीवाल है, दिल्लीवालों को कोई नुकसान नहीं होने दूंगा। भाजपा वालों से अनुरोध है कि इतना भी मत गिरो। लोगों को प्यासा मारने से बड़ा पाप नहीं होता- केजरीवाल अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोगों को प्यासा मारने से बड़ा पाप नहीं होता। अपनी गंदी राजनीति के लिए भाजपा दिल्ली वालों को प्यासा मारना चाहती है। हरियाणा से भाजपा वाले पानी में ज़हर मिलाकर दिल्ली भेज रहे हैं। अगर ये पानी दिल्ली वालों ने पी लिया तो कई लोग मर जाएंगे। क्या इस से घिनौना काम कोई हो सकता है? जो ज़हर पानी में मिलाकर भेजा जा रहा है, वो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में साफ़ भी नहीं हो सकता। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा के लिए कई इलाक़ों में पानी बंद करना पड़ रहा है। हमारी कोशिश है कि लोगों को कम से कम तकलीफ हो। भाजपा वाले दिल्ली वालों का सामूहिक हत्या करना चाहते हैं। हम ये बिल्कुल नहीं होने देंगे।पानी में इतना जहर है कि वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में भी उसकी सफाई नहीं हो सकती- केजरीवाल अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के आने वाले चुनाव में भाजपा ने ऐसी हरकत की है जो शायद दुनिया के इतिहास में कभी नहीं की गई होगी। दिल्ली के लोगों को हरियाणा और उत्तर प्रदेश से पीने का पानी मिलता है। हरियाणा से यमुना के रास्ते पीने का पानी आता है। हरियाणा की भाजपा सरकार दिल्ली में यमुना से आने वाले पानी में ज़हर मिलाकर भेज रही है। यह तो भला हो हमारे दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियर्स का कि उन्होंने इसे पकड़ लिया। उन्होंने दिल्ली के बॉर्डर पर ही उस पानी को रोक दिया और उस पानी को दिल्ली के अंदर नहीं आने दिया। अगर वह पानी दिल्ली के अंदर आ जाता और पीने के पानी में मिल जाता, तो दिल्ली के अंदर न जाने कितने लोगों की मौत हो जाती। दिल्ली में एक मास जेनोसाइड (सामूहिक नरसंहार) हो जाता। इस पानी के अंदर उन्होंने ऐसा ज़हर मिलाकर भेजा है कि दिल्ली के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में भी उसकी सफाई नहीं हो सकती है। इसकी वजह से दिल्ली में लगभग एक तिहाई पीने के पानी की कमी हो गई है। भाजपा चाहती है कि दिल्ली में अफरा-तफरी मच जाए और उसका आरोप ‘‘आप’’ पर आ जाए- केजरीवाल अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों से कहा कि इस किस्म की राजनीति बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। यह बहुत गंदी राजनीति है। ऐसा दुश्मन देश एक-दूसरे के साथ करते हैं, जैसे जब अमेरिका ने जापान के नागासाकी और हिरोशिमा में न्यूक्लियर बम फेंका था। कहीं दो देशों के युद्ध में बायोलॉजिकल हथियार का इस्तेमाल किया जाता है, तो कहीं दूसरे देश में जाने वाली नदी के पानी में ज़हर मिला दिया जाता है। इस तरह की चीज़ें हमने दो देशों के युद्ध के दौरान देखी हैं। लेकिन आज भाजपा ने दिल्ली आने वाले पानी में ज़हर मिलाकर भेज दिया है ताकि दिल्ली में अफरा-तफरी मच जाए, दिल्ली के लोग मर जाएं और उसका इल्ज़ाम आम आदमी पार्टी पर आ जाए। मैं भाजपा को कहना चाहता हूं कि वो इतनी हद तक न गिरे। ऐसा न करें। भाजपा के लोग दिल्लीवालों को पराया समझते होंगे, लेकिन हम दिल्लीवालों को अपना समझते हैं। दिल्ली हमारे परिवार का हिस्सा है।चुनाव आयोग हस्तक्षेप कर दिल्ली को इतनी बड़ी त्रासदी से तुरंत मुक्ति दिलाए- केजरीवाल अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं दिल्ली के लोगों को कहना चाहता हूं कि मैं आपके साथ खड़ा हूं। मैं आपके ऊपर किसी भी तरह की अड़चन नहीं आने दूंगा। दिल्ली के लोग निश्चिंत रहें। दिल्ली की सीएम आतिशी और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने इस मामले में चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी है और उनसे तत्काल मिलने का समय मांगा है। मैं उम्मीद करता हूं कि चुनाव आयोग इसमें तुरंत हस्तक्षेप करेगा और दिल्ली की जनता को इतनी बड़ी त्रासदी से तुरंत मुक्ति दिलाएगा। भाजपा अपनी ऐतिहासिक हार की बौखलाहट से नीच हरकतों पर उतर आई है। सीएम आतिशी ने कहा कि समान्य दिनों में वजीराबाद बैराज पर अमोनिया का स्तर 1-2 पीपीएम होता है, जो बढ़कर 7.2 हो गया है। हम घर-घर जाकर दिल्लीवालों को भाजपा की नीच हरकत के बारे में बताएंगे।दिल्ली के लोग भाजपा से इस नीच हरकत का बदला लेकर रहेंगे। दिल्ली के इतिहास में कभी भी यमुना में अमोनिया का स्तर इतना नहीं बढ़ा- सीएम आतिशी सीएम आतिशी ने कहा कि दिल्ली के इतिहास में कभी भी यमुना में अमोनिया का स्तर इतना नहीं बढ़ा है। सामान्य तौर पर यह 1 से 2 पीपीएम रहता है। दिसंबर के समय में कभी कभी दो चार दिन के लिए यह 3 से 4 पीपीएम तक भी चला जाता है। लेकिन पिछले 15 दिन से अमोनिया का स्तर लगातार बढ़ रहा है और अब 7.2 मिलीग्राम प्रति लीटर अमोनिया आ रहा है। यह पानी नहीं जहर है। हरियाणा की भाजपा सरकार दिल्ली के लोगों के लिए जहरीला पानी छोड़ रही है। दिल्ली के इतिहास में कभी इतना अमोनिया यमुना नदी में नहीं आया होगा जो आज भाजपा यमुना नदी में छोड़ रही है। सीएम आतिशी ने कहा कि चुनाव तक सारी प्रशासनिक शक्ति चुनाव आयोग के पास होती है। पंजाब के मुख्यमंत्री और मैंने आज चुनाव आयोग से अर्जेंट समय मांगा है। चुनाव आयोग के हम मांग करेगे कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए इमरजेंसी कदम उठाए और हरियाणा सरकार को इमरजेंसी निर्देश दे। डीडी 8 ड्रेन पर भाजपा की सरकार जो जहरीला पानी छोड़ रही है, चुनाव आयोग उसे तुरंत रोकने का आदेश दे।