
मेरठ। – पूर्व सैनिकों एवं शहीद व दिवंगत सैनिकों की पत्नियों तथा उनके आश्रितों की समस्याओं के निराकरण हेतु जिला सैनिक बन्धु की मासिक बैठक कैप्टन राकेश शुक्ला, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी मेरठ की अध्यक्षता में जिला सैनिक कल्याण एवॅ पुनर्वास कार्यालय मेरठ के मीटिंग हाल मेंं आयोजित की गयी, जिसमें जिलाधिकारी महोदय की ओर से नामित नगर मजिस्ट्रेट अनिल श्रीवास्तव उपस्थित रहे। आज की बैठक में आदेश किया गया कि भूतपूर्व सैनिको व उनके आश्रितो के लम्बित मसले खासकर जमीन के विवाद का एक निश्चित समय में निस्तारण किया जाये। 1962 की लडाई में शामिल रहे भूतपूर्व सैनिक अभय सिंह को भूमि आवंटन हेतु उपजिलाधिकारी मवाना को त्वरित कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया, एक अन्य पुराने मामले जो श्रीमति सविता चौधरी 2002 में काउंटर इन्सरजेन्सी में शहीद अनिल कुमार, शौर्य चक्र की पत्नि का भूमि आवंटन का मामला जो काफी समय से लम्बित है, के सम्बन्ध में उन्होने मुख्यमंत्री जी या सेना के उच्च अधिकारियो से मिलने का समय निर्धारित कराने का अनुरोध किया व पुलिस प्रशासन से लम्बित 45 मामलो की सूची पुलिस प्रशासन की तरफ से उपस्थित प्रतिनिधि उपनिरिक्षक लालकुर्ती नबाब सिंह को सौपी गयी। उपरोक्त मामलो में मुख्यतः जमीनी विवाद,शस्त्र लाईसेन्स नवीनीकरण,रास्ते सम्बन्धित विवाद व पुलिस सम्बन्धित मामलो पर त्वरित निस्तारण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। नगर निगम मेरठ की ओर से श्री शरद पाल सहा0 नगरायुक्त उपस्थित रहे, कार्यालय में नगर निगम के जल विभाग द्वारा बिछायी गयी पानी की पाईप लाईन के असंतोषजनक कार्य के बारे में उन्हे अवगत कराया गया व इसे जल्द ही सुचारू कराने को कहा गया एवं पाईप लाईन में आने वाले व्यय का ब्यौरा जो कि कई बार प्रबन्धक जल को पत्राचार करने पर भी उपलब्ध नही कराया गया है उपलब्ध कराने हेतु अवगत कराया गया। बैठक में भूतपूर्व सैनिक राजेन्द्र सिंह की जमीन से सम्बन्धित प्रकरण को नगर मजिस्ट्रेट अनिल श्रीवास्तव ने निस्तारण हेतु निर्देशत किया।