1562 लाभार्थियों को लगाई गई दूसरी डोज

PU

हापुड़: जनपद में शनिवार को दूसरी डोज लगाने का महाअभियान शुरू हो गया। अभियान के पहले शनिवार को सभी टीकाकरण केंद्रों पर कुल 1562 लाभार्थियों को टीके की दूसरी डोज लगाई गई।सरकार की मंशा है कि लोगों का जल्द से जल्द टीके की दोनों डोज लगाकर प्रतिरक्षित कर दिया जाए।

इसके लिए दूसरी डोज से किसी कारण वंचित रहने वाले लाभार्थियों को टीका लगाने के लिए विशेष सुविधा दी है। अब प्रत्येक शनिवार को केवल दूसरी डोज लगवाने वाले लाभार्थियों का ही टीकाकरण किया जाएगा।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि 18 से 44 वर्ष तक की आयु के 339 लोगों को टीके की दूसरी डोज लगाई गई है। जबकि 45 या उससे ऊपर की उम्र वाले 1223 लोगों की टीके की दूसरी डोज लगाई गई है। टीकाकरण के बाद सभी लोग स्वस्थ हैं।

अब केवल एक ही सक्रिय मरीज का चल रहा उपचार

जनपद में अब केवल एक ही सक्रिय मरीज का उपचार किया जा रहा है। दो और मरीज शनिवार को उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। जबकि, एक भी मरीज में कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि शनिवार को 141 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें से कोई भी मरीज संक्रमित नहीं मिला है। जनपद में अभी तक 12309 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 12092 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर अब बढ़कर 98.23 प्रतिशत हो गई है।

सक्रिय मरीज का उपचार अस्पताल में कराया जा रहा है। अब तक 216 मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है।

Please follow and like us: