हापुड़। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में सोमवार रात मिट्टी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सपनावत खंड के सह संपर्क प्रमुख सतीश कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मृतक के परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते सतीश कुमार पर जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ाने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को सड़क हादसा मानकर चल रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
घर के बाहर खड़े थे सतीश, तभी हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, सतीश कुमार सोमवार रात करीब 11 बजे अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति से गांव से गुजर रही थी। आरोप है कि तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सतीश को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह ट्रैक्टर के नीचे फंस गए। परिजनों का आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर ग्रामीणों ने ट्रैक्टर का पीछा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों द्वारा घेराबंदी किए जाने के दौरान चालक ने ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
ट्रैक्टर चालक भी गंभीर रूप से घायल
हादसे में ट्रैक्टर चालक घुंघराला निवासी कलीम भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सतीश कुमार तथा घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सतीश कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया। उसका मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
परिजनों ने लगाया रंजिश में हत्या का आरोप
सतीश कुमार की मौत के बाद परिजनों ने घटना को महज सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के बेटे और बहन का कहना है कि गांव में रात के समय मिट्टी से भरे ट्रैक्टर तेज गति से दौड़ते हैं। ग्रामीणों द्वारा कई बार इसका विरोध भी किया गया था। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते सतीश कुमार को निशाना बनाते हुए उन पर जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ाया गया।
परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं के साथ-साथ ट्रैक्टर चालक और मृतक के बीच किसी पूर्व विवाद या रंजिश की भी जांच कर रही है।
एसपी ने बताया प्रथम दृष्टया सड़क हादसा
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि थाना हाफिजपुर क्षेत्र में सतीश कुमार की मृत्यु के संबंध में विभिन्न प्रकार की खबरें सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया सतीश कुमार की मौत दुर्घटना में आई गंभीर चोटों के कारण हुई है। पुलिस जांच में मृतक और ट्रैक्टर चालक के बीच पूर्व में किसी रंजिश की बात सामने नहीं आई है।
एसपी के मुताबिक, ऐसा प्रतीत होता है कि ट्रैक्टर चालक वाहन चलाने में कुशल नहीं था। हादसे के बाद वह ट्रैक्टर समेत सड़क किनारे खाई में पलट गया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
खनन के आरोपों की भी जांच
ट्रैक्टर में मिट्टी ले जाने को लेकर लगाए जा रहे खनन के आरोपों पर भी पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है। एसपी के अनुसार, जांच में सामने आया कि कृषि कार्य के लिए मिट्टी को एक खेत से दूसरे खेत में स्थानांतरित किया जा रहा था। हालांकि, खनन से संबंधित जांच और अग्रेतर कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को सूचना भेजी गई है।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना हाफिजपुर में अभियोग दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
