हापुड़ में बहनों से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध पर घर पर पथराव; तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा

हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में तीन बहनों के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि मोहल्ले के ही तीन युवकों ने रास्ते में उनकी बेटियों को जबरन रोक लिया और उनके साथ अभद्रता की। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की तथा बाद में परिवार के लोगों को धमकाते हुए घर पर पथराव कर दिया। मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि 28 अगस्त की रात उसकी तीन पुत्रियां और साले का बेटा मेरठ तिराहा स्थित सूर्या विहार मार्केट के सामने से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के रहने वाले बंटी, प्रशान्त और अर्जुन ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि तीनों युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने पीड़ित की पुत्रियों के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं।

तहरीर के मुताबिक, युवतियों ने आरोपियों की हरकतों का विरोध करते हुए वहां से निकलने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें सूर्या मार्केट की ओर खींचने का प्रयास किया। इस दौरान उनके साथ अभद्रता की गई। पीड़ित की पुत्रियों के साथ मौजूद साले के बेटे ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी।

घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। पीड़ित के भाई ने भी आरोपियों को समझाने का प्रयास किया और पुलिस से शिकायत करने की बात कही। आरोप है कि इससे नाराज होकर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पीड़ित के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद आरोपियों ने उसके घर पर पथराव भी किया।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी लगातार धमकी दे रहे हैं। तहरीर में भविष्य में तेजाब डालकर चेहरा खराब करने की धमकी दिए जाने की बात भी कही गई है। घटना के बाद परिवार में भय का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर बंटी, प्रशान्त और अर्जुन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।