हापुड़ में जनरेटर के शोर और धुएं का विरोध करना महिला को पड़ा भारी, घर में घुसकर मारपीट का आरोप

हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र में जनरेटर के शोर और उससे निकलने वाले धुएं को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। दिल्ली रोड स्थित एक मोहल्ले की महिला ने पड़ोसी पक्ष पर घर में घुसकर उसके साथ मारपीट करने, गंभीर रूप से घायल करने और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि विवाद के बाद आरोपियों ने उसे धमकी भी दी। पुलिस ने मामले में आठ नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित एक मोहल्ला निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 अगस्त की रात वह अपने घर पर अकेली थी। उसके पति सिद्धार्थ नगर में नौकरी करते हैं। महिला के मुताबिक, उसके घर के सामने पड़ोसी द्वारा जनरेटर चलाया जा रहा था। जनरेटर से निकलने वाले धुएं के साथ लगातार हो रहे तेज शोर के कारण उसे काफी परेशानी हो रही थी।

महिला ने बताया कि अत्यधिक शोर और धुएं से हो रही असुविधा को देखते हुए उसने पड़ोसी की पत्नी से जनरेटर बंद करने का अनुरोध किया। आरोप है कि इस बात को लेकर पड़ोसी दंपती ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने अपने अन्य परिजनों को भी मौके पर बुला लिया।

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसके घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी लज्जा भंग करते हुए उसके कपड़े भी फाड़ दिए और घटना के बाद उसे धमकी दी।

विवाद बढ़ने पर पीड़िता ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। हालांकि, पीड़िता का आरोप है कि मामला यहीं खत्म नहीं हुआ और अगले दिन आरोपियों ने उसके साथ दोबारा मारपीट की।

महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि इससे पहले भी आरोपी उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर चुके हैं। आरोप है कि पड़ोसी पक्ष ने उसके घर का रैंप भी तोड़ दिया था और नाली का पानी रोकने की कोशिश की थी। लगातार हो रहे विवाद और कथित धमकियों के चलते पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस ने आठ नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब तहरीर में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।