हापुड़ में छह माह से ढाई साल तक लापता नौ बच्चे बरामद, परिजनों को सौंपे

हापुड़। लंबे समय से अपने बच्चों के लौटने का इंतजार कर रहे नौ परिवारों के लिए हापुड़ पुलिस की कार्रवाई राहत लेकर आई। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की विशेष टीम ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लापता हुए नौ बच्चों को तलाशकर सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किए जाने के दौरान परिवारों में खुशी और भावुकता का माहौल रहा। परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।

बरामद किए गए बच्चों में कुछ छह महीने से और कुछ ढाई साल तक से लापता थे। परिजनों की शिकायत पर संबंधित थानों में गुमशुदगी और अपहरण के मुकदमे दर्ज किए गए थे। एएचटीयू टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और अपने सूचना तंत्र की मदद से बच्चों की तलाश आगे बढ़ाई और अलग-अलग मामलों में उन्हें बरामद करने में सफलता हासिल की।

पुलिस के मुताबिक धौलाना थाना क्षेत्र से छह माह से लापता 10 वर्षीय तौफीक, कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र से ढाई साल से लापता कासिम और पिलखुवा क्षेत्र से 11 माह से लापता 16 वर्षीय मयंक को बरामद किया गया। इसके अलावा पिलखुवा क्षेत्र से छह माह से लापता सोनी, धौलाना क्षेत्र से 11 माह से लापता शालू, हापुड़ देहात थाना क्षेत्र से सात माह से लापता विनय, पिलखुवा क्षेत्र से आठ माह से लापता 16 वर्षीय अलिफशा, 15 माह से लापता पायल तथा हापुड़ कोतवाली क्षेत्र से 15 माह से लापता शिवम मिश्रा भी सकुशल मिल गए।

बच्चों के लंबे समय तक घर से दूर रहने के कारण उनके परिवार लगातार चिंता में थे। तलाश के दौरान परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका भी सताती रही। ऐसे में बच्चों के वापस मिलने पर परिवारों ने राहत की सांस ली। पुलिस के अनुसार, बच्चों को सकुशल उनके माता-पिता को सौंप दिया गया है।

सीओ क्राइम दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में लापता बच्चों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएचटीयू थाना प्रभारी बचन सिंह के नेतृत्व में टीम ने लगातार प्रयास कर नौ बच्चों को बरामद किया।

उन्होंने बताया कि जिले से लापता अन्य बच्चों की तलाश के लिए भी पुलिस टीमें काम कर रही हैं। उनका प्रयास है कि अन्य गुमशुदा बच्चों को भी सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों तक पहुंचाया जाए।