हापुड़ में विवादित होर्डिंग को लेकर हंगामा, सपा कार्यकर्ताओं ने फाड़े पोस्टर

दिल्ली रोड पर अखिलेश यादव की तस्वीर और कथित विवादित बयान वाले होर्डिंग लगाए जाने से भड़का विरोध

हापुड़। दिल्ली रोड पर समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर कथित विवादित बयान वाले होर्डिंग लगाए जाने से बुधवार को हंगामा हो गया। होर्डिंग की जानकारी मिलते ही सपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध जताते हुए होर्डिंग फाड़ दिए।

सपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की छवि खराब करने के उद्देश्य से आपत्तिजनक और विवादित सामग्री वाले होर्डिंग लगाए गए थे।

होर्डिंग देखकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई और उन्होंने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया।

मामला नगर कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सपा कार्यकर्ताओं ने होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पार्टी जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने मामले को लेकर नाराजगी जताई है।