बेटे की चाह में महिला की हत्या की साजिश, पति समेत चार गिरफ्तार

सरधना में गन्ने के खेत से मिला था महिला का कुचला हुआ शव, पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का किया खुलासा

मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र में कुशावली रोड के पास गन्ने के खेत से मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, बेटे की चाह में महिला से निकाह करने वाले पति ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। महिला की गला दबाकर हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को ईंट से बुरी तरह कुचल दिया गया। मामले में पुलिस ने पति समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

एसपी देहात अभिजीत कुमार के अनुसार, 20 अगस्त को पुलिस को कुशावली रोड के पास गन्ने के खेत में एक अज्ञात महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। महिला का चेहरा बुरी तरह कुचला होने के कारण तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

सोशल मीडिया पर फोटो प्रसारित करने के बाद हुई पहचान

महिला की पहचान के लिए सरधना पुलिस ने उसका फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। इसके अगले दिन भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव सियाल निवासी जुनैद पुत्र मुस्तफा थाने पहुंचा और शव की पहचान अपनी बहन शीबा के रूप में की। उसकी तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। इसके बाद वसीला पत्नी बाबर, आशिया पत्नी सादिक और शादाब पुत्र बाबर को गिरफ्तार किया गया। बाद में पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपित सादिक पुत्र बाबर को भी गिरफ्तार कर लिया।

बेटे की चाह में शीबा से किया था निकाह

पुलिस के अनुसार, सादिक की पत्नी ने पांच बेटियों को जन्म दिया था। परिवार में बेटे की चाहत को लेकर उसे ताने दिए जाते थे। इसी दौरान सादिक के संपर्क में शीबा आई। आरोप है कि बेटे की चाह में सादिक ने शीबा से निकाह कर लिया। निकाह के बाद शीबा ने एक बेटे को जन्म दिया, जिसकी उम्र करीब 18 महीने बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, शीबा और सादिक पचपेड़ा में रहते थे। आरोप है कि शीबा अक्सर सादिक और उसके परिवार से पैसों की मांग करती थी, जिससे परिवार के लोग उससे नाराज थे। इसी के बाद उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

कार में गला दबाकर हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, सादिक ने शीबा की हत्या कर शव को नहर में फेंकने की योजना बनाई थी। पिछले कई दिनों से हत्या के लिए उपयुक्त स्थान की तलाश की जा रही थी। 19 अगस्त को सादिक शीबा को लेकर पांचली पहुंचा, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद सादिक ने अपनी मां, पत्नी और भाई को भी वहां बुला लिया।

आरोप है कि बाद में शोभापुर बाईपास के पास शीबा और सादिक कार में सवार हुए। पुलिस के मुताबिक, कार में ही शीबा की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए चेहरे को ईंट से कुचल दिया गया और शव को कुशावली रोड स्थित गन्ने के खेत में फेंक दिया गया।

पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।