गंगा एक्सप्रेसवे पर ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, पीछे से कार टकराई; सात घायल

बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के आलमनगर गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का अचानक एक्सल टूटने से वह अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। ट्रॉली में सवार मजदूर ईंटों के नीचे दब गए। इसी दौरान पीछे से आ रही ग्रैंड विटारा कार भी पलटी हुई ट्रॉली से जा टकराई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और पांच मजदूर समेत कुल सात लोग घायल हो गए।

एक्सल टूटने से बीच सड़क पर पलटी ट्रॉली

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली गंगा एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। ट्रॉली में कई मजदूर भी सवार थे। आलमनगर गांव के सामने अचानक ट्रैक्टर का एक्सल टूट गया। चालक वाहन को संभाल पाता, इससे पहले ही ट्रॉली अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई।

ट्रॉली के पलटते ही उसमें लदी सैकड़ों ईंटें सड़क पर बिखर गईं और कई मजदूर ईंटों के मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पीछे से आई कार पलटी ट्रॉली से टकराई

हादसे के कुछ ही देर बाद पीछे से आ रही उत्तराखंड नंबर की ग्रैंड विटारा कार भी पलटी हुई ट्रॉली और सड़क पर बिखरी ईंटों से जा टकराई। टक्कर में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

कार में हरिद्वार जिले के ज्वालापुर स्थित सुभाषनगर निवासी राजेश कुमार अपनी पत्नी कामायनी के साथ सवार थे। दोनों भी हादसे में घायल हो गए।

राहगीरों ने शुरू किया राहत कार्य

हादसा देखकर एक्सप्रेसवे से गुजर रहे राहगीरों ने अपने वाहन रोके और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने ईंटों के नीचे दबे मजदूरों और कार में फंसे दंपति को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस और यूपी-112 को सूचना दी गई।

पुलिस और एंबुलेंस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी सात घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव ने बताया कि हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार पांच मजदूर और कार सवार पति-पत्नी घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि किसी को गंभीर या जानलेवा चोट नहीं आई। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

क्रेन से हटाए वाहन, यातायात हुआ सामान्य

हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार को सड़क से हटवाया। इसके बाद गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई।