खेत से युवक को ले जाकर कमरे में बंधक बनाने का आरोप, मारपीट के मामले में दो के खिलाफ केस

बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कनिया कल्याणपुर में खेत पर काम कर रहे एक व्यक्ति को दो युवकों द्वारा कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाकर कमरे में बंधक बनाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद समेत दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खेत पर पानी लगा रहा था श्यामलाल

कनिया कल्याणपुर निवासी निशेंद्र शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव शाहपुर जट्ट निवासी श्यामलाल उनके यहां काम करता है। 16 अगस्त की दोपहर श्यामलाल खेत में पानी लगाने गया था। शाम करीब चार बजे निशेंद्र अपने भाई प्रमेंद्र के साथ खेत पर पहुंचे तो श्यामलाल वहां नहीं मिला।

आसपास जानकारी करने पर पता चला कि गांव का ही शुभम उर्फ गोलू त्यागी अपने एक अन्य साथी के साथ श्यामलाल को खेत से अपने साथ ले गया है।

यूपी-112 पर सूचना देने के बाद छोड़ा

निशेंद्र ने मामले की सूचना तत्काल यूपी-112 पर पुलिस को दी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पुलिस को सूचना देने के कुछ देर बाद आरोपी श्यामलाल को खेतों के पास छोड़कर फरार हो गए।

कमरे में बंधक बनाकर मारपीट का आरोप

पीड़ित श्यामलाल ने पुलिस को बताया कि शुभम उर्फ गोलू त्यागी और उसका साथी उसे एक कमरे में ले गए। आरोप है कि वहां उसे बंधक बनाकर गाली-गलौच की गई और मारपीट की गई।

पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि शुभम उर्फ गोलू त्यागी उसके परिवार से रंजिश रखता है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर एक नामजद समेत दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।