
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिलाधिकारी के निर्देश पर 17 अगस्त को ब्रजघाट दक्षिण, गढ़मुक्तेश्वर स्थित श्याम फूड प्रोडक्ट्स माइल्ड फैट फर्म पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान इंटरएस्टरिफाइड एडिबल वेजिटेबल फैट के ब्रांड ‘नंदन गोल्ड प्रीमियम’ का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं मौके पर 339 लीटर खाद्य पदार्थ, जिसकी अनुमानित कीमत 57,360 रुपये है, को मिथ्याछाप होने के दृष्टिगत सीज कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा टीम ने की औचक कार्रवाई
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में गठित सचल दल ने कार्रवाई की।
टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सिंह, आरपी गुप्ता, मोहित कुमार और सोवेन्द्र सिंह पंघाल शामिल रहे।
‘नंदन गोल्ड प्रीमियम’ का नमूना लिया
कार्रवाई के दौरान फर्म से Interesterified Edible Vegetable Fat, ब्रांड Nandan Gold Premium का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। विभाग के अनुसार मौके पर उपलब्ध 339 लीटर खाद्य पदार्थ को मिथ्याछाप होने के दृष्टिगत सीज किया गया।
प्रयोगशाला जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य विभाग के अनुसार संग्रहित नमूने को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य पदार्थों की जांच का अभियान जारी रहेगा
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों की जांच को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की ओर से खाद्य कारोबारियों के यहां नमूने लेने और मानकों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।