
Hapur News :- कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के नाम पर सूखे पेड़ हटाने की प्रक्रिया में निर्धारित अनुमति से अधिक पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। दिल्ली-हापुड़ मार्ग (एनएच-24, किमी 52) पर बीकानेर की दुकान के पास स्थित दो सूखे शीशम के पेड़ों को गिरने की आशंका के चलते हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। जांच के बाद दोनों पेड़ों को कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के दृष्टिगत काटने और विभागीय स्टॉक में दर्ज करने की संस्तुति की गई थी।
दो सूखे पेड़ों के साथ हरे पेड़ भी काटे गए
प्रभागीय कार्यालय के निर्देशों के बाद जब पेड़ों को हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई, तो स्वीकृत दो सूखे शीशम के पेड़ों के अलावा एक हरा नीम और एक हरा शीशम का पेड़ भी काट दिया गया। अतिरिक्त पेड़ों के कटान का मामला सामने आने के बाद वन विभाग में कार्रवाई शुरू हुई।
बीट प्रभारी निलंबित
मामले का संज्ञान लेते हुए प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) हापुड़ ने ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में बीट प्रभारी एवं वनरक्षक राहुल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय स्तर पर मामले की जांच भी जारी है।
रेंजर और सेक्शन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस
प्रकरण में पर्यवेक्षीय स्तर पर लापरवाही को लेकर सेक्शन अधिकारी और क्षेत्रीय वनाधिकारी (रेंजर), हापुड़ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों से मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज
वन विभाग के अनुसार अतिरिक्त पेड़ों के कटान के संबंध में क्षेत्रीय वनाधिकारी स्तर से वन अधिनियम के तहत वन अपराध पंजीकृत किया गया है। विभाग अब मामले से जुड़े तथ्यों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कर रहा है।
दोषियों पर होगी कार्रवाई
प्रभागीय वनाधिकारी, हापुड़ वन प्रभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी कर्मचारी या व्यक्ति जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
