
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की चेरी काउंटी सोसाइटी के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। बिल्डर सोसाइटी के लोगों को दो महीने का रखरखाव शुल्क वापस कर दिया है। बिल्डर का कहना है कि लोगों से 12 महीने का मेंटेनेंस शुल्क लिया गया, लेकिन पूरे साल में सिर्फ 10 महीने का ही पैसा खर्च हुआ। इसके चलते फ्लैट मालिकों को पैसा वापस किया गया है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के टेक जोन 4 में चेरी काउंटी सोसाइटी है। इस सोसाइटी को रियल एस्टेट डेवलपर एबीए कॉर्प ने बनाया है। यहां पर 1774 परिवार रहते हैं। अभी सोसाइटी का मेंटेनेंस बिल्डर के ही पास है। बिल्डर लोगों से 1.85 रुपए प्रति वर्ग फुट के हिसाब से मेंटेनेंस शुल्क लेता है। कंपनी ने पिछले साल अप्रैल से इस मार्च तक लोगों से जो मेंटेनेंस शुल्क लिया, उसमें से सिर्फ 10 महीने का ही पैसा खर्च हो पाया। इसको देखते हुए कंपनी ने लोगों को दो महीने का मेंटेनेंस शुल्क वापस कर दिया है। एबीए कॉर्प के डायरेक्टर व क्रेडाई वेस्टर्न यूपी के इलेक्ट प्रेजिडेंट अमित मोदी ने कहा कि कोरोना महामारी ने लगभग समूची मानव जाति को बुरी तरह प्रभावित किया। अपने प्रोजेक्ट के निवासियों को इसी दौरान जमा मेंटेनेन्स धनराशि के बचने पर उन्हें वापस करने का निर्णय लिया गया।
सोसाइटी के निवासी सुनील सचदेव ने बताया कि उन्हें करीब 6000 हजार रुपये बिल्डर ने वापस किये हैं। बिल्डर का यह बहुत ही अच्छा निर्णय है। इसका सभी निवासियों ने स्वागत किया है। सोसाइटी के निवासी ज्ञान सिंह ने बताया कि उन्हें भी 7120 रुपये वापस मिले हैं। यह औसतन दो महीने का मेंटेनेंस शुल्क है। बिल्डर के इस फैसले से सभी लोग खुश हैं। उन्होंने बताया कि दूसरी सोसाइटी के लोग अब उनसे जानकारी ले रहे हैं कि बिल्डर ने पैसे कैसे वापस किए हैं। पिछले साल कोरोना काल में सोसाइटी में सभी सुविधाएं संचालित नहीं की जा रही थी। उदाहरण के तौर पर स्विमिंग पूल बंद था। क्लब हाउस बंद था। इसके चलते इनका मेंटेनेंस जीरो था। यही कारण है कि मेंटेनेंस शुल्क बच गया। बिल्डर भी इसके लिए आगे आया और लोगों को पैसा वापस किया।