कमिश्नर के निरीक्षण के बाद डीएम ने गंगा घाट की तैयारियों का लिया जायजा, कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने के निर्देश

Hapur News :- कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को आयुक्त के जनपद भ्रमण एवं निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी कविता मीना ने जनपद के प्रमुख गंगा घाट का पुनः स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, गोताखोरों की तैनाती तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही अन्य सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी भी ली।

जिलाधिकारी कविता मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को 24 घंटे फील्ड में सक्रिय रहकर समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

Please follow and like us: