
Hapur News :- जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से हापुड़ पुलिस ने दो अत्याधुनिक इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलों को अपने बेड़े में शामिल किया है। गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने इन इंटरसेप्टर बाइक्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पुलिस के अनुसार, नई इंटरसेप्टर बाइक्स स्पीड रडार, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरों और ई-चालान प्रणाली से लैस हैं। इनकी सहायता से राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख मार्गों पर निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से चलने वाले वाहनों की पहचान कर मौके पर ही ई-चालान की कार्रवाई की जा सकेगी।
अधिकारियों का कहना है कि इंटरसेप्टर बाइक्स का उपयोग केवल यातायात नियमों के अनुपालन तक सीमित नहीं रहेगा। इन्हें शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों तथा अपराध संभावित स्थानों पर भी तैनात किया जाएगा। दोपहिया वाहन होने के कारण पुलिसकर्मी जाम की स्थिति में भी घटनास्थल तक तेजी से पहुंच सकेंगे, जिससे आपात स्थितियों में प्रतिक्रिया समय कम होने की उम्मीद है।
पुलिस के अनुसार, इन बाइकों की मदद से अवैध पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, लापरवाही से वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी प्रभावी निगरानी रखी जाएगी। प्रमुख मार्गों और बाजारों में नियमित गश्त कर नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने इंटरसेप्टर टीम में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ओवरस्पीडिंग, अवैध पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीक आवर्स के दौरान प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक से लैस इन इंटरसेप्टर बाइक्स के संचालन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।