हापुड़। शहर के रेलवे रोड स्थित राजेंद्र नगर और अमरदीप कॉलोनी के निवासियों ने सोमवार को कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर कथित अवैध रूप से संचालित डायग्नोस्टिक सेंटर और मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिलीभगत से आवासीय क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति और सुरक्षा मानकों के अस्पताल तथा हाई रेडिएशन मशीनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
कालोनी जन कल्याण समिति के अध्यक्ष तरुण बाटला, महामंत्री सचिन जिंदल और कोषाध्यक्ष भुवन जैन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हितेश नारंग के भवन के भूतल पर जमील और मोहित द्वारा डायग्नोस्टिक सेंटर संचालित किया जा रहा है, जहां 100 मीटर से भी कम क्षेत्रफल में एमआरआई, सीटी स्कैन और एक्स-रे जैसी मशीनें कथित रूप से एईआरबी (AERB) की अनुमति और निर्धारित सुरक्षा मानकों के बिना चलाई जा रही हैं।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि समिति ने 21 मार्च 2025 को नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद संचालकों ने चार महीने के भीतर सेंटर को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी सेंटर का संचालन जारी है। आरोप है कि विरोध करने पर बुजुर्गों के साथ मारपीट का प्रयास भी किया गया।
इसके अलावा कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि डॉ. अजय दूधिया और उनकी पत्नी अनुभा दूधिया द्वारा आवासीय भवन दर्शाकर साढ़े पांच मंजिला मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल का निर्माण कराया गया है। उनका कहना है कि 20 फीट चौड़ी गली और एकमात्र प्रवेश-निकास मार्ग वाली बंद कॉलोनी में आठ विभागों वाले अस्पताल के संचालन से जाम, पार्किंग और आपातकालीन निकासी जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। अस्पताल और डायग्नोस्टिक सेंटर के पास पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से प्रतिदिन कॉलोनी में यातायात बाधित होता है और विवाद की स्थिति बनती है।
प्रदर्शन के बाद कॉलोनीवासियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और नियमों के विपरीत आवासीय क्षेत्र में संचालित कथित अवैध अस्पताल एवं डायग्नोस्टिक सेंटर की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने पर तत्काल सीलिंग की कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो कॉलोनीवासी भूख हड़ताल शुरू करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन के दौरान विपुल, महेंद्र, राजेंद्र कुमार, यश, राजीव, अशोक सोढ़ी, पवन गर्ग, तरुण खरबंदा, सुशील वर्मा, अशोक अरोड़ा, सचिन जिंदल, राजेश कंसल, मनीष मक्कन, विनोद वर्मा, नरेंद्र शर्मा, अक्षय गोयल, जय प्रकाश वर्मा, दीपू गोयल, वैभव गोयल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
नोट: समाचार में लगाए गए आरोप प्रदर्शनकारियों और कॉलोनीवासियों के दावों पर आधारित हैं। संबंधित अस्पताल एवं डायग्नोस्टिक सेंटर संचालकों तथा प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
