किराना मर्चेंट्स एसोसिएशन का चुनावी बिगुल बजा, 4 मार्च को साधारण सभा के साथ होंगे पदाधिकारियों के चुनाव

हापुड़। किराना मर्चेंट्स एसोसिएशन (रजि.) हापुड़ का चुनावी बिगुल बज चुका है। एसोसिएशन की साधारण सभा बुधवार 4 मार्च 2026 (दुल्हैन्डी) को दोपहर 2 बजे से लायंस भवन, मोहितपुरम (देवनन्दिनी अस्पताल के निकट) आयोजित की जाएगी। इसी दौरान संगठन के सात पदों के लिए चुनाव भी सम्पन्न कराए जाएंगे।

चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत एक प्रधान, दो उपप्रधान, एक मंत्री, दो उपमंत्री तथा एक कोषाध्यक्ष का चयन किया जाएगा।

चुनाव अधिकारी राजेन्द्र कुमार पंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार 20 फरवरी से सोमवार 23 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 23 फरवरी को शाम 6 बजे होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि मंगलवार 24 फरवरी निर्धारित की गई है। नामांकन शुल्क ₹500 प्रति पत्र रखा गया है।

नामांकन पत्र राजेन्द्र पंसारी एंड संस, छोटी मंडी तथा उपचुनाव अधिकारी प्रदीप मित्तल (नवदुर्गा ट्रेडर्स, छोटी मंडी) से प्राप्त किए जा सकते हैं। आवश्यकता पड़ने पर मतदान 4 मार्च को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा।

एसोसिएशन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिन सदस्यों का वर्ष 2025-26 का वार्षिक शुल्क बकाया है, वे चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने से पूर्व अपना शुल्क जमा कराकर रसीद प्राप्त कर लें, अन्यथा उन्हें मतदान अथवा चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही एक फर्म से केवल एक व्यक्ति ही एक पद के लिए चुनाव लड़ सकेगा।

सभा के उपरांत जलपान की व्यवस्था भी रहेगी। मंत्री सौरभ गोयल ने सभी व्यापारियों से समय पर उपस्थित होकर चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।