
इंस्पेक्टर को सौंपा डीएम को संबोधित ज्ञापन, लामबंद हुए भाकियू संगठन
जिस्मफरोशी और क्षेत्र में अवैध ओयो बंद होने तक संघर्ष होगा: पवन तेवतिया
भाकियू संगठनों ने लामबंद होकर जिस्मफरोशी का धंधा बंद कर अवैध होटलों के सील करने की मांग उठाई है। रविवार को भारतीय किसान यूनियन (संपूर्ण भारत) प्रदेश अध्यक्ष पवन तेवतिया के नेतृत्व में अनेक लोग गुलावठी कोतवाली पहुंचे और दो दिवस में 28 अक्टूबर तक अल्टीमेटम देकर डीएम को संबोधित ज्ञापन इंस्पेक्टर हेम सिंह को सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र के सभी अवैध ओयो होटलों पर कार्रवाई न होने पर गुलावठी कोतवाली का घेराव करने और प्रशासन का पुतला फूंकने की चेतावनी लिखी है। कई संगठन इस मामले को लेकर लामबंद हो गए हैं। भारतीय किसान यूनियन (आजाद) के राष्ट्रीय महासचिव (युवा) जकी गौहरी ने कहा है प्रशासन तत्काल क्षेत्र के सभी होटलों को बंद करे। इससे युवाओं का भविष्य और क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। भारतीय किसान संगठन के प्रदेश महासचिव फरमान कुरैशी ने जिस्मफरोशी और देह व्यापार जैसे अनैतिक कार्यों की निंदा करते हुए भाकियू (संपूर्ण भारत) का समर्थन करते हुए कार्यकर्ताओं समेत आंदोलन में शामिल होने का दावा किया है। भाकियू नेता पवन तेवतिया का कहना है क्षेत्र का माहौल घृणित नहीं होने देंगे। बीते शनिवार को नगर के सिकंदराबाद रोड स्थित वीरू गेस्ट हाउस पर पुलिस ने छापा मारा। मौके से एक छात्रा को स्कूल यूनिफॉर्म में किसी युवक के साथ पकड़े जाने की नगर में चर्चा है। पुलिस होटल संचालक को भी हिरासत में थाने लायी थी। पुलिस ने होटल से हिरासत में लिए गए हरीश पुत्र ओमवीर निवासी अगौरा-अमीरपुर थाना खुर्जा, और होटल संचालक ललित पुत्र वीरसिंह निवासी नूरपुर थाना गुलावठी का शांति भंग में चालान कर दिया। हालांकि इस मामले पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि सभी होटल संचालकों को पहले ही अनैतिक कार्य बंद कर नियम अनुसार सराय संचालन करने का नोटिस दे चुकी है। कोतवाली में ज्ञापन देने वालों में पवन तेवतिया, ज़की गौहरी, फरमान कुरैशी, राकेश तेवतिया, आसिफ सैफी, फैसल चौधरी, जिशान, समीर आदि शामिल रहे।