
थाना सरधना पुलिस ने लूट की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए 28 हजार नकद, दो मोबाइल फोन तथा एक तमंचा 315 बोर मय जिन्दा कारतूस बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर 2025 की रात वादी मनोज कुमार पुत्र स्व0 तिलक सिंह निवासी ग्राम नाहली थाना सरधना अपनी एजेंसी से घर लौट रहे थे। तभी ईश्वर फार्म हाउस के पास चार बदमाशों ने उन पर हमला कर रुपये और मोबाइल फोन लूट लिए। घटना की तहरीर पर थाना सरधना में मु0अ0सं0 698/2025 धारा 309(6) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने सघन चेकिंग के दौरान आज 26 अक्टूबर 2025 को नायरा पेट्रोल पम्प से महादेव मार्ग पर तीन अभियुक्तों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सन्नी पुत्र विजेन्द्र निवासी आदर्श नगर छबड़िया रोड, सुभान उर्फ सगुन पुत्र मेहराजुद्दीन निवासी ग्राम नवाबगढ़ी, और हिमांशू पुत्र अमित निवासी ग्राम कालन्दी, थाना सरधना के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथियों विपिन पुत्र नरेश (ग्राम कालन्दी) और समीर पुत्र नामालूम (आजाद नगर, सरधना) के साथ मिलकर यह लूट धनतेरस की रात को की थी। पुलिस फरार अभियुक्तों की तलाश में दबिशें दे रही है।
पुलिस के अनुसार, सन्नी, सुभान और हिमांशू के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी टीम में शामिल रहे : प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, उ0नि0 नादान सिंह, अतुल कुमार, राहुल कुमार सिंह, आदित्य सिंह, प्रमोद कुमार, योगेश कुमार गौतम व है0का0 अभिषेक कुमार।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सरधना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण हेतु अभियान तेज किया गया है और लूट में शामिल शेष आरोपियों की गिरफ्तारी शीघ्र की जाएगी।