
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में शुक्रवार को कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला की अध्यक्षता में कार्य परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कई महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गए। 13 शोध छात्रों को शोध उपाधि प्रदान किए जाने का निर्णय लिया गया। साथ ही, 37वें दीक्षांत समारोह के अंतर्गत वर्ष 2025 में विभिन्न पाठ्यक्रमों में श्रेष्ठता सूची के आधार पर 1 कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 1 डॉ. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक, 2 किसान ट्रस्ट पदक, 63 चौधरी चरण सिंह स्मृति प्रतिभा पुरस्कार, प्रायोजित स्वर्ण पदक, 177 कुलपति स्वर्ण पदक, 14 विशिष्ट योग्यता प्रमाण पत्र, तथा वर्ष 2024 के शेष 2 कुलपति स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
कला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए श्री भीमजी कांजी को मानद उपाधि देने का निर्णय भी लिया गया। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित स्नातक स्तरीय पाठ्यक्रमों में नियमानुसार सीट वृद्धि का भी निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार यादव, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, परीक्षा नियंत्रक वीरेंद्र कुमार मौर्य सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।