मान्यता प्राप्त पत्रकारों हेतु 21-22 अगस्त को लखनऊ में आयुष्मान कार्ड शिविर

लखनऊउत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को स्वास्थ्य लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। स्टेट हेल्थ एजेंसी (सांची) द्वारा 21 और 22 अगस्त को लखनऊ स्थित सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मुख्यालय के सभागार में दो दिवसीय आयुष्मान कार्ड शिविर आयोजित होगा।

अपर निदेशक सूचना श्री अरविंद कुमार मिश्र ने जानकारी दी कि राज्य एवं जनपद स्तर के मान्यता प्राप्त पत्रकारों का डेटा पहले से ही बीआईएस (लाभार्थी पहचान प्रणाली) डेटाबेस में दर्ज है। ऐसे पत्रकार और उनके आश्रित जिन्होंने अभी तक आयुष्मान कार्ड प्राप्त नहीं किया है, उन्हें इस शिविर में कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, पहले से जारी कार्डों को भी अद्यतन करने की सुविधा दी जाएगी ताकि लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं का निर्बाध लाभ मिल सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शिविर में केवल उन्हीं पत्रकारों को लाभ मिलेगा जिनका नाम पहले से बीआईएस डेटाबेस में दर्ज है। नए परिवार या सदस्य जोड़ने की प्रक्रिया इसमें शामिल नहीं होगी। जिन कार्डधारकों के कार्ड में नाम, जन्म वर्ष या लिंग से जुड़ी जानकारी आधार से मेल नहीं खा रही है, वे शिविर में ई-केवाईसी कराकर अद्यतन विवरण दर्ज कर सकेंगे और नया आयुष्मान कार्ड डाउनलोड कर पाएंगे।

अपर निदेशक सूचना ने पत्रकारों से अपील की है कि वे इस दो दिवसीय शिविर का अधिकतम लाभ उठाएं और समय पर उपस्थित होकर अपने व अपने आश्रितों के आयुष्मान कार्ड बनवाएं या अपडेट कराएं। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल पत्रकारों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Please follow and like us: