
हापुड़– पिलखुवा थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, कारतूस और बाइक बरामद की है।
पूरा मामला :
पिलखुवा सीओ अनीता चौहान ने जानकारी दी कि पिलखुवा पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों पर नज़र रखते हुए चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो लोगों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा।
प्रारंभिक पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान दीपक पुत्र रामबाबू निवासी जसरुपनगर थाना हापुड़ नगर के रूप में हुई है। वह थाना हापुड़ नगर का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर चोरी, लूट और ठगी समेत दर्जनों मामले दर्ज हैं।
घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। वहीं, उसका साथी फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है
सीओ अनीता चौहान का बयान :
“गिरफ्तार बदमाश दीपक थाना हापुड़ नगर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। इसके विरुद्ध एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों से भी जुटाई जा रही है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
बाइट : अनीता चौहान (डीएसपी पिलखुवा)