Hapur Road Accident: एनएच-9 पर खड़ी पिकअप में बस की टक्कर, युवक की मौके पर मौत

Hapur News, NH-9 Accident Today:
हापुड़ जिले के पिलखुवा थाना क्षेत्र में सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) पर सरस्वती अस्पताल फ्लाईओवर के पास खड़ी एक खराब पिकअप में पीछे से रोडवेज बस टकरा गई। हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार बुलंदशहर जिले के गांव बुगरासी निवासी अर्जुन उर्फ बाबू (23 वर्ष) अपने साथी चालक के साथ पिकअप में गेंदा फूल लेकर दिल्ली जा रहा था। सरस्वती अस्पताल फ्लाईओवर के पास गाड़ी अचानक खराब हो गई। चालक मिस्त्री की तलाश में चला गया और अर्जुन गाड़ी की रखवाली कर रहा था।

इसी दौरान हापुड़ की तरफ से आ रही रोडवेज बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई।

बस की टक्कर के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिकअप को किनारे हटवाया और यातायात सुचारू कराया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मृतक अर्जुन के परिजनों को सूचना दे दी गई है। अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Please follow and like us: