
प्रवीण शर्मा
हापुड़— सामाजिक उत्थान की दिशा में कार्यरत नेह नीड़ फाउंडेशन द्वारा शनिवार,17 मई को मेरठ रोड स्थित मंगल भवन में एक भावपूर्ण सांस्कृतिक संध्या ‘सृजन– एक शाम नेह नीड़ के नन्हें परिंदों के साथ ’ के नाम से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
आपको बता दे कि कार्यक्रम का उद्देश्य बृजघाट स्थित संस्था नेह नीड़ फाउंडेशन में निवासरत 125 से अधिक वंचित बच्चों की छुपी हुई प्रतिभा को समाज के समक्ष प्रस्तुत करना है। ये सभी बच्चे देश के 10 महानगरों की 72 विभिन्न झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों से आए हुए हैं और संस्था द्वारा उन्हें निःशुल्क आवासीय शिक्षा,भोजन एवं संस्कारों का वातावरण प्रदान किया जा रहा है।
वही फाउंडेशन के अध्यक्ष अरविन्द्र भाई ओझा ने जानकारी देते हुए बताया कि नेह नीड़ फाउंडेशन का उद्देश्य न केवल इन बच्चों को शिक्षा देना है,बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और संस्कारी नागरिक बनाना एवं राष्ट्रीय विचार धारा से जोड़ना है। फाउंडेशन ने आस-पास के ग्रामीण अंचलों में रहने वाले गरीब, प्रतिभाशाली बच्चों को भी इस अभियान में जोड़ने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा फाउंडेशन का प्रयास है कि इन बच्चों की कला और आत्मबल को विकसित कर उन्हें वैश्विक मंच तक पहुँचाया जा सके। कार्यक्रम में इन नन्हें परिंदों द्वारा गीत, नृत्य, नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे दर्शक इन बच्चों की मेहनत,अनुशासन और संस्कारों को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव कर सकें।