
● मनु शर्मा के साथ हुई ऑनलाइन ठगी का हुआ सफल निवारण
● साइबर सेल की त्वरित कार्यवाही से ठगी गई धनराशि हुई वापस
● पीड़ित ने मसूरी पुलिस टीम का जताया आभार
गाजियाबाद। साइबर अपराधियों के खिलाफ कमिश्नरेट गाजियाबाद की साइबर सेल को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना मसूरी क्षेत्र निवासी मनु शर्मा, जिनके साथ हाल ही में ऑनलाइन साइबर फ्रॉड के माध्यम से 4 लाख 50 हजार रुपये की ठगी हुई थी, को उनकी पूरी राशि साइबर सेल द्वारा रिकवर कराकर वापस दिला दी गई। यह मामला NCRP (National Cybercrime Reporting Portal) के माध्यम से साइबर सेल को प्राप्त हुआ था, जिस पर मसूरी साइबर सेल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खातों को तत्काल होल्ड कराया और निरंतर पत्राचार व तकनीकी प्रयासों के बाद 19 अप्रैल को पूरी धनराशि आवेदक को वापस दिलाई। इस सफलता के बाद आवेदक मनु शर्मा ने थाना मसूरी आकर साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया, और पुलिस विभाग की तत्परता व संवेदनशीलता की सराहना की।गाजियाबाद साइबर सेल लगातार ऑनलाइन ठगी के मामलों में सक्रियता से कार्य कर रही है, जिससे आम नागरिकों में भरोसा बढ़ा है और साइबर अपराधियों में डर पैदा हुआ है।