भाजपा और पीएम मोदी  ने पहले फर्जी मुकदमें करके ‘‘आप’’ के तमाम नेताओं को जेल में डाला, फिर हम लड़ते रहे और आगे भी लड़ते रहेंगे- संजय सिंह



नई दिल्ली – अप्रैल गुजरात में आम आदमी पार्टी की सफलता को देखकर भाजपा बौखला गई है। इसलिए मोदी जी और भाजपा ने गुजरात के सह प्रभारी दुर्गेश पाठक को डराने के लिए उनके घर गुरुवार को सीबीआई भेज दी। जब से दुर्गेश पाठक को गुजरात का सह प्रभारी बनाया गया है और वह संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं, तब से मोदी काफी परेशान हैं। गुजरात में भाजपा की हालत बहुत पतली है और उसकी सरकार से वहां की जनता परेशान है। इसलिए मोदी जी को अपने गढ़ में करारी हार का डर सता रहा है। गुजरात की जनता को आम आदमी पार्टी से बहुत उम्मीदें है। दुर्गेश पाठक इस उम्मीद को और मजबूत करने का काम कर रहे हैं। भाजपा ने पहले फर्जी मुकदमें करके ‘‘आप’’ के तमाम नेताओं को जेल में डाला। इसके बाद भी हम लड़ते रहे और आगे भी लड़ते रहेंगे। गुरुवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेसवार्ता कर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार का गंदा खेल फिर शुरू हो गया है। पहले भी आम आदमी पार्टी को खत्म करने के हर प्रयास प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा ने करके देख लिया। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक को जेल में डाला, पार्टी के तमाम शीर्ष नेताओं को जेल में डाला, विधायकों व सांसदों पर फर्जी मुकदमे किए, पंजाब और दिल्ली में छापे मरवाए। इसके बावजूद हर हाल में आम आदमी पार्टी लड़ती रही है और लड़ती रहेगी। संजय सिंह ने कहा कि आज फिर उसी तरह की एक नापाक, गंदी, घटिया कोशिश भाजपा द्वारा की गई है। पीएम मोदी  ने आम आदमी पार्टी के पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) सदस्य और गुजरात के सह-प्रभारी दुर्गेश पाठक को धमकाने के लिए उनके घर सीबीआई को भेज दिया। इसके पीछे सिर्फ एक वजह है कि आम आदमी पार्टी ने दुर्गेश पाठक को गुजरात की जिम्मेदारी दे दी है। क्योंकि अरविंद केजरीवाल ने दुर्गेश पाठक से गुजरात में जाकर संगठन को मजबूत करने को कहा। पिछले गुजरात विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को करीब 14 फीसद वोट मिले थे और पांच विधायक आम आदमी पार्टी के हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात जाकर जैसे ही दुर्गेश पाठक ‘‘आप’’ संगठन की बैठक करते हैं, कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करते हैं, गांव-गांव में संगठन को मजबूत करने की कोशिश करते हैं, वैसे ही मोदी जी ने उनको धमकाने के लिए सीबीआई भेज दी। क्या यही इनका राजनीति करने का तरीका है? यह इनकी लोकतंत्र में एक राजनीतिक दल को खत्म करने की कोशिश है। ऐसे ये लोग देश को चलाना चाहते हैं। गुजरात में भाजपा की हालत पतली है। गुजरात की जनता भाजपा की सरकार से असंतुष्ट है। वहां की जनता को एक ऐसी नई पार्टी से उम्मीद है, जो इस देश में बदलाव की राजनीति की बात करती है। उस आम आदमी पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए दुर्गेश पाठक को जिम्मेदारी दी गई है और इन्होंने धमकाने के लिए सीबीआई भेज दी। संजय सिंह ने कहा कि दुर्गेश पाठक के घर सीबीआई भेजना पीएम मोदी  की बौखलाहट को दर्शाता है। यह दर्शाता है कि मोदी का गढ़ गुजरात सुरक्षित नहीं है। वहां उन्हें भाजपा की हार की संभावना दिख रही है। पीएम मोदी  ने पहले भी बहुत कोशिशें कर लीं, आगे भी जितना दम लगाना है, लगाएं। जितनी यातनाएं देनी हैं, दें। जितने फर्जी मुकदमे बनाना है, बनाएं। जितने मनगढ़ंत मामले गढ़ना है, गढ़ें। आम आदमी पार्टी न झुकी है, न झुकेगी। आम आदमी पार्टी लड़ती रही हं, लड़ती रहेगी। हम न रुकने वाले हैं, न थमने वाले हैं। भाजपा के खिलाफ मजबूती से अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि दुर्गेश पाठक के खिलाफ यह मामला राजनीति और दुर्भावना से प्रेरित है। यह पूरा मामला झूठा और मनगढ़ंत है। इसका एकमात्र कारण उन्हें गुजरात का सह-प्रभारी बनाया जाना है। आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती से दुर्गेश पाठक और उनके परिवार के साथ खड़ी है। हमने भाजपा के हर जुल्म और अत्याचार का सामना किया है, आगे भी करते रहेंगे।

Please follow and like us:
Pin Share