
● ग्राइंडर ऐप से दोस्ती कर मिलने बुलाया, मकान में ले जाकर किया ब्लैकमेल
● नग्न वीडियो बना कर धमकी, UPI के जरिए खाते से उड़ाए पैसे
● कविनगर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, एक तमंचा बरामद
गाजियाबाद। थाना कविनगर क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक से ग्राइंडर ऐप के जरिए दोस्ती कर उसे मिलने के बहाने बुलाया गया और फिर उसे बंधक बनाकर नग्न वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया। आरोपियों ने तमंचा दिखाकर धमकी दी और पीड़ित के मोबाइल फोन से UPI के जरिए ₹98,000 की ठगी कर डाली। एसीपी कविनगर स्वतंत्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वादी प्रियांशु चौधरी निवासी शास्त्रीनगर, गाजियाबाद की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात में शामिल शाश्वत सिंह व ऋषभ चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। ऋषभ के पास से एक तमंचा भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि इस पूरी साजिश की शुरुआत ग्राइंडर ऐप के माध्यम से हुई थी। आरोपी सिद्धार्थ ने पीड़ित प्रियांशु से दोस्ती की और 14 अप्रैल को उसे गोविंदपुरम स्थित यश चौहान उर्फ गुन्नू के मकान पर मिलने बुलाया। वहीं पर शाश्वत, ऋषभ, सिद्धार्थ और अन्य साथियों ने प्रियांशु को धमकाया। ऋषभ ने तमंचा दिखाकर प्रियांशु को नग्न कर वीडियो बनाई। इसके बाद फोन का पासवर्ड लेकर, STAKE गेमिंग ऐप के जरिये ₹98,000 UPI के माध्यम से कोटक महिंद्रा बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिए गए। आरोपों में बताया कि ₹4,000 आरोपी यश ने गेमिंग में खर्च कर दिए और शेष राशि अन्य साथियों के खातों में ट्रांसफर कर दी गई।पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है। इस मामले में कई गंभीर धाराएं दर्ज की गई हैं, जिनमें आपराधिक धमकी, अवैध शस्त्र प्रदर्शन, जबरन उगाही, आईटी एक्ट के अंतर्गत साइबर क्राइम आदि शामिल हैं।