
● पुलिस चेकिंग के दौरान तस्कर गिरफ्तार, 19 वर्षीय युवक से बरामद हुआ अवैध गांजा
● आरोपी ने खुलासा किया कि वह दिल्ली से गांजा लाकर बेचता था
● एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, अग्रिम कार्रवाई जारी
गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने आज एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम द्वारा की गई चेकिंग के दौरान सौरभ (19) पुत्र स्व. बबलू, निवासी दिल्ली, को 1.2 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। एसीपी वेव सिटी उपासना पाण्डेय ने बताया कि पुलिस टीम ने जल प्लांट रोड, रिछपाल गढी की पुलिया के पास चेकिंग के दौरान अभियुक्त को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से गांजा बरामद किया गया, जिसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में आरोपी सौरभ ने खुलासा किया कि वह दिल्ली से गांजा चोरी-छिपे लाकर उसे छोटे-छोटे पैकेट्स में बांधकर राह चलते लोगों को बेचता था, जिससे वह अपने शौक पूरे करता था। आरोपी ने बताया कि वह आज भी गांजा लेकर आ रहा था जब पुलिस की चेकिंग में पकड़ा गया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।